- हत्या के प्रकरण में फरार चारों आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार
- पुराने मकान के कब्जे को लेकर हुआ था विवाद
बड़ावदा (शिरीष सकलेचा)। समीप गांव लसुडिया जंगली में पुराने मकान के कब्जे को लेकर विवाद काफी बढ़ गया था। विवाद के दौरान सदमे में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई थी। जिसके बाद गांव में तनाव का माहौल पैदा हो गया था। महिला के परिजन आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। जिसके बाद 12 घंटे के भीतर पुलिस ने हत्या के गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
ये था मामला
17 जुलाई शुक्रवार को ग्राम लसुडिया जंगली में पुराने मकान पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी अजय, मंजु, साईता एवं भागवंताबाई द्वारा कमलाबाई पति नंदूलाल बागरी (उम्र 70 वर्ष), रविना एवं काजल के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की गई।
मारपीट के दौरान कमलाबाई मौके पर ही बेहोश होकर गिर गईं। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जावरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना बड़ावदा में अपराध क्रमांक 236/2026 अंतर्गत धारा 103(1), 296(ए), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस कार्यवाही …
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी बड़ावदा निरीक्षक संतोष चौरसिया ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के नेतृत्व में, सीएसपी एवं प्रभारी एसडीओपी युवराज सिंह के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित कर फरार आरोपियों की तलाश प्रारंभ की।
जांच के दौरान सायबर सेल रतलाम की सहायता से तकनीकी सूचना के आधार पर थाना बड़ावदा पुलिस एवं चौकी सुखेड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया।
इसके बाद पुलिस टीम ने शेष तीनों महिला आरोपियों की भी तलाश कर उन्हें दस्तयाब किया। पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने घटना कारित करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
ये है चार गिरफ्तार आरोपी…
- अजय पिता शंकरलाल, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम लसुडिया जंगली, थाना बड़ावदा।
- भागवंताबाई पति शंकरलाल, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम लसुडिया जंगली, थाना बड़ावदा।
- मंजु पति गोपाल परमार, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम खोखरा, थाना सैलाना, हाल निवासी ग्राम लसुडिया जंगली, थाना बड़ावदा।
- साईता पिता शंकरलाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम लसुडिया जंगली, थाना बड़ावदा।
इनकी सराहनीय भूमिका…
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी बड़ावदा निरीक्षक संतोष चौरसिया, उपनिरीक्षक एम.एल. बड़ोदिया, सहायक उपनिरीक्षक शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह तोमर, आरक्षक गोपाल सिंह सोनगरा, सायबर सेल रतलाम से प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षक विपुल भावसार, आरक्षक मयंक, तथा चौकी सुखेड़ा, थाना पिपलोदा के आरक्षक प्रेम मीणा एवं आरक्षक जितेन्द्र की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।