

रतलाम 21 जुलाई। शासकीय माध्यमिक विद्यालय खाराखेड़ी में भारत स्काउट-गाइड एवं लायंस क्लब समर्पण के संयुक्त तत्वावधान में इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण एवं नशामुक्ति कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारत स्काउट-गाइड की राष्ट्रीय बुलबुल कमिश्नर एवं राज्य गाइड कमिश्नर डॉ. सुलोचना शर्मा थीं। विशेष अतिथि के रूप में जिला रोवर कमिश्नर गोपाल जोशी, भारत स्काउट-गाइड की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती वीणा छाजेड़, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) रमेश बारिया, लायंस क्लब समर्पण की सदस्या श्रीमती रेणु व्यास तथा शिक्षक सांस्कृतिक मंच के सचिव दिलीप वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लायंस क्लब समर्पण की अध्यक्ष श्रीमती छबि नीलिमा सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। संस्था प्रधान सुश्री ललिता कुशवाह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि डॉ. सुलोचना शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में प्राप्त संस्कार और अनुशासन जीवन भर सफलता का आधार बनते हैं। उन्होंने स्काउट-गाइड के माध्यम से सेवा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने गाइड कैप्टन ललिता कुशवाह की गाइड के क्षेत्र में किये कार्यों की सराहना करते हुए स्कार्फ पहनाकर एवं शील्ड देकर सम्मानित किया । माध्यमिक शिक्षक नरेंद्रसिंह पंवार को भी शील्ड देकर सम्मानित किया।
जिला संगठन आयुक्त रमेश बारिया ने स्काउट-गाइड की गतिविधियों एवं समाज में उसके योगदान पर प्रकाश डाला। शिक्षक सांस्कृतिक मंच के सचिव दिलीप वर्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती छबि नीलिमा सिंह ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए प्रत्येक विद्यार्थी से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती वीणा छाजेड़ ने विद्यार्थियों को कॉपियों का वितरण किया तथा लायंस क्लब समर्पण की ओर से बिस्किट वितरित किए गए। अंत में अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु नशामुक्ति की शपथ ग्रहण की।कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन नरेन्द्रसिंह पँवार ने किया।