नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0′ अभियान के तहत त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल में दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ

मानव श्रृंखला बनाकर विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश, पुलिस ने बताए नशे के दुष्प्रभाव

जावरा (अभय सुराणा) । पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत रविवार को थाना जावरा शहर पुलिस द्वारा त्रिमूर्ति कॉन्वेंट हाई सेकेंडरी स्कूल, जावरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा नशे से दूर रहने का संकल्प कराया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मानव श्रृंखला बनाकर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों और परिजनों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound