29 जुलाई को गुरुपूर्णिमा पर्व पर होगी गुरु दीक्षा



रतलाम 26 जुलाई। अखिल विश्व गायत्री परिवार की अधिष्ठात्री वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष 2026 के प्रयाज कार्यक्रम के अंतर्गत “ग्राम सरवनी जागीर” के 21 घरों में गायत्री महायज्ञ सम्पन्न कराया गया। उल्लेखनीय है कि गायत्री परिवार पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा 100 वर्ष पूर्व स्थापित किए गए अखण्ड दीपक की भी जन्मशताब्दी इसी वर्ष मना रहा है। इसी तारतम्य में रतलाम शाखा द्वारा विभिन्न ग्रामो में एक साथ एक समय पर “गृहे गृहे यज्ञ अभियान” के तहत गायत्री महायज्ञ सम्पन्न कराया गया। जिला समन्वयक दामोदर शर्मा एवं मुख्य ट्रस्टी पातीराम शर्मा के नेतृत्व में 21 यज्ञचार्यों की टोली ने यज्ञ के पूर्व गायत्री परिजनों ने मिलकर त्रिवेणी रोपण किया और सभी यजमानों को एक एक पौधा भेंट किया। व्यसनमुक्ति एवं कुरुति उन्मूलन अभियान के तहत यजमानों एवं परिवारजनों से देवदक्षिणा के क्रम में धनराशि की जगह एक बुराई के त्याग और एक अच्छाई को ग्रहण करने का आग्रह किया।
गायत्री परिजन 29 जुलाई को मनाएंगे गुरुपूर्णिमा पर्व
गायत्री परिवार रतलाम शाखा के परिजन 29 जुलाई को गुरुपूर्णिमा पर्व मनाएंगे। युवा प्रकोष्ठ के विवेक चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक दिन पूर्व सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक गायत्री शक्तिपीठ डोंगराधाम शंकरगढ़ पर गायत्री परिजनों द्वारा गायत्री मंत्र का अखण्ड जप किया जाएगा। इस लघु अनुष्ठान में अनेक परिजन क्रमवार जाप करेंगे। 29 जुलाई को प्रातः मंदिर के शिखर पर नवीन धर्मध्वजा चढ़ाई जाएगी। ततपश्चात पंच कुण्डीय गायत्री यज्ञ एवं गुरु पर्व पूजन किया जाएगा। संस्कार परम्परा पुनर्जीवन अभियान के उद्देश्य के साथ गुरु दीक्षा, जन्मदिवस, विवाह दिवस, पुंसवन, अन्नप्राशन, नामकरण, विद्यारम्भ इत्यादि संस्कार भी सम्पन्न करवाए जाएंगे। गुरुदीक्षा लेने और संस्कार करवाने को इच्छुक व्यक्तियों से आग्रह है कि गायत्री शक्तिपीठ पर पहले से सम्पर्क कर समय एवं आवश्यक सामग्री की जानकारी ले लेंवे।