जेएसजी रतलाम ग्रेटर की साउथ इंडियन थीम पार्टी उत्साह एवं उल्लास के साथ सम्पन्न

रतलाम। जैन सोशल ग्रुप रतलाम ग्रेटर द्वारा रविवार को अपने सदस्यों के लिए एक अनूठी “साउथ इंडियन थीम पार्टी” का भव्य आयोजन किया गया। दक्षिण भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते इस आयोजन में सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में सभी पुरुष पारंपरिक लुंगी, दुपट्टा एवं माथे पर तिलक लगाकर पहुँचे, वहीं महिलाओं ने आकर्षक कांजीवरम एवं सिल्क की साड़ियाँ तथा पारंपरिक आभूषण धारण कर दक्षिण भारतीय संस्कृति को जीवंत कर दिया। सभी ने एक-दूसरे का “वणक्कम” कहकर स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह, अपनत्व और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो गया। सदस्यों ने दक्षिण भारतीय गीतों पर जमकर नृत्य किया तथा विशेष रूप से बनाए गए साउथ इंडियन सेल्फी पॉइंट पर दंपतियों एवं परिवारों ने यादगार तस्वीरें खिंचवाईं।
सभा से पूर्व भोजन समिति एवं संजयजी चपरोट के नेतृत्व में सभी सदस्यों को स्वादिष्ट दक्षिण भारतीय व्यंजनों का स्वाद कराया गया। विविध पारंपरिक व्यंजनों ने सभी का मन मोह लिया और उपस्थित सदस्यों ने भोजन की भरपूर सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष संदीपजी चौरड़िया के स्वागत उद्बोधन से हुआ। मंच संचालन प्रमोदजी धींग एवं यशवंत पावेचा ने प्रभावी एवं मनोरंजक शैली में किया। निलेशजी गोधा ने हाल ही में सम्पन्न नाकोड़ा तीर्थ यात्रा से जुड़े अपने भावपूर्ण संस्मरण साझा किए, जिसने सभी उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया।
मनोरंजन समिति की प्रमुख श्रीमती माधुरीजी चौपड़ा ने रोचक एवं मनोरंजक खेलों का संचालन किया, जिनमें सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही सदस्यों ने दक्षिण भारतीय गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ललितजी कांठेड़, राजेन्द्र जी लुनिया,संतोषजी चनोदिया, अजयजी खमेसरा एवं संजयजी खमेसरा द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जितेशजी गेलड़ा ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन ने सदस्यों को एक नई सांस्कृतिक अनुभूति प्रदान करते हुए आपसी स्नेह, एकता और पारिवारिक सौहार्द को और अधिक सुदृढ़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound