- फेसबुक लिंक के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश कर फरियादी ने गंवाई थी ₹10 लाख से अधिक की राशि
- साइबर सेल की तत्परता से ठगों के खातों में ₹5 लाख से अधिक की राशि होल्ड
- न्यायालय के आदेश पर ₹5,04,126 की राशि फरियादी को वापस किए जाने की प्रक्रिया
- वर्ष 2026 में अब तक रतलाम पुलिस ने ठगी की ₹86,28,026 राशि होल्ड करवाई
रतलाम 27 जुलाई । पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में रतलाम पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों की राशि वापस दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में साइबर सेल रतलाम की तत्परता से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी का शिकार हुए एक फरियादी की ₹5 लाख से अधिक की राशि ठगों के खातों में होल्ड करवाने में सफलता प्राप्त हुई है।
फेसबुक पर मिली लिंक के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश का दिया झांसा–
फरियादी द्वारा दिनांक 12.03.2026 को साइबर सेल रतलाम में शिकायत दर्ज कराई गई थी। फरियादी ने बताया कि उसे फेसबुक पर एक लिंक प्राप्त हुई थी, जिसके माध्यम से उसे शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया गया।
फरियादी द्वारा दिनांक 27 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 के मध्य अलग-अलग किस्तों में ₹10 लाख से अधिक की राशि कथित निवेश के नाम पर जमा कर दी गई। ठगों द्वारा फरियादी को अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर लगातार और राशि निवेश करने के लिए प्रेरित किया जाता रहा।
जब फरियादी द्वारा निवेश की गई राशि को वापस निकालने अर्थात विथड्रॉ करने का प्रयास किया गया, तब संबंधित एप्लीकेशन बंद हो गई। इसके बाद फरियादी को अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला और उसने तत्काल साइबर सेल रतलाम में शिकायत दर्ज कराई।
NCRP पोर्टल के माध्यम से ठगों के खातों में ₹5 लाख से अधिक राशि होल्ड–
फरियादी की शिकायत पर साइबर सेल रतलाम द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायत को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज किया गया। साइबर सेल टीम द्वारा प्राप्त शिकायत के आधार पर संबंधित बैंक खातों एवं लेनदेन की जानकारी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगों के खातों में पहुंची ₹5 लाख से अधिक की राशि होल्ड करवाने में सफलता प्राप्त की गई। साइबर सेल की तत्परता के कारण फरियादी की ठगी गई राशि में से महत्वपूर्ण राशि को आगे ट्रांसफर होने से रोका जा सका।
न्यायालय द्वारा ₹5,04,126 की राशि रिफंड के आदेश जारी –
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में साइबर सेल टीम द्वारा आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष राशि रिफंड के लिए कार्रवाई की गई।माननीय न्यायालय द्वारा ₹5,04,126 की राशि फरियादी के खाते में वापस किए जाने के आदेश जारी किए गए। आदेश के अनुपालन में अब तक फरियादी के बैंक खाते में ₹2,68,907 की राशि प्राप्त हो चुकी है। शेष राशि को भी फरियादी के खाते में रिफंड करवाने की प्रक्रिया जारी है।
वर्ष 2026 में अब तक ₹86,28,026 की साइबर ठगी की राशि होल्ड–
रतलाम पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक रतलाम पुलिस द्वारा साइबर ठगी के मामलों में कुल ₹86,28,026 की राशि ठगों के खातों में होल्ड करवाने में सफलता प्राप्त की गई है।
इनमें से ₹20,23,739 की राशि फरियादियों के खातों में रिफंड करवाई जा चुकी है, जबकि शेष होल्ड राशि को भी संबंधित फरियादियों के खातों में वापस करवाने हेतु आवश्यक वैधानिक एवं न्यायालयीन प्रक्रिया जारी है।
रतलाम पुलिस की साइबर सेल द्वारा साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की धनराशि को होल्ड करवाने एवं नियमानुसार वापस दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सराहनीय भूमिका– उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक जीवन बारिया, प्रभारी साइबर सेल रतलाम, प्रधान आरक्षक हिम्मत सिंह, आरक्षक मोरसिंह एवं आरक्षक राहुल पाटीदार की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
रतलाम पुलिस की साइबर सुरक्षा के संबंध में अपील·
रतलाम पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त किसी भी अनजान लिंक के माध्यम से शेयर मार्केट, ट्रेडिंग या निवेश के नाम पर पैसे जमा न करें। साइबर ठग अक्सर अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से अलग-अलग खातों में राशि जमा करवाते हैं और बाद में पैसे निकालने के समय विभिन्न प्रकार के शुल्क एवं टैक्स के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग करते हैं।
किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें तथा संबंधित बैंक को भी तुरंत सूचित करें। साइबर अपराध की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, ठगी गई राशि को होल्ड करवाने की संभावना उतनी ही अधिक होगी।