प्राधिकरण की मां कालिका विहार योजना का अध्यक्ष श्री पोरवाल ने किया निरीक्षण

योजना में चल रहे स्वच्छता एवं साफ -सफाई के कार्यों को लेकर दिए निर्देश

रतलाम,28 जुलाई । रतलाम विकास प्राधिकरण की करमदी मार्ग स्थित माँ कालिका विहार योजना का आज सायंकाल प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने निरीक्षण किया एवं योजना में व्यापक पैमाने पर चल रहे स्वच्छता एवं साफ -सफाई के कार्यों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए । निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष के साथ उपाध्यक्ष श्री गोविंद काकानी,संचालक मंडल सदस्य श्री राजेंद्र सिंह गोयल भी मौजूद थे ।
योजना क्षेत्र में बाहरी तत्वों द्वारा गंदगी एवं अस्वच्छता न फैलाई जा सके, इस हेतु उन्होंने अनधिकृत प्रवेश रोकने के उद्देश्य से 8 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल निर्माण किए जाने हेतु ठेकेदार को निर्दिष्ट किया । योजना में उग आईं झाड़ियों तथा खरपतवार को पूर्णतः नष्ट किया जाकर भूमि के समतलीकरण हेतु भी उन्होंने कहा । योजना के ट्रांसफार्मर के पैनल ठीक करवाने तथा विद्युत आपूर्ति दुरुस्त करवाने हेतु उन्होंने मध्य प्रदेश विद्युत मंडल से आवश्यक समन्वय स्थापित करने हेतु भी निर्देशित किया । श्री पोरवाल ने बताया कि योजना की पूर्ण साफ-सफाई उपरांत पार्कों का विकास एवं अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जाएंगे ।
ज्ञातव्य है कि उक्त योजना में बड़ी संख्या में अविक्रीत भूखंड प्राधिकरण द्वारा विक्रय किए जाने हैं, अध्यक्ष ने बताया कि योजना की साफ सफाई उपरांत उनके विक्रय की कार्रवाई की जाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound