सामाजिक समरसता कावड़ यात्रा को लेकर हुई वृहद बैठक

  • “कावड़ यात्रा सेवा, समरसता और सनातन परंपरा का प्रतीक” – डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय
  • त्रिवेणी संगम के जल से केदारेश्वर महादेव का होगा अभिषेक

पिपलौदा। पवित्र श्रावण मास के शुभ अवसर पर शिव भक्त सेवा समिति द्वारा चतुर्थ वर्ष में प्रवेश करते हुए श्री मनकामनेश्वर महादेव, मिण्डाजी से केदारेश्वर महादेव सैलाना तक सामाजिक समरसता कावड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा 22 अगस्त से 24 अगस्त तक निकाली जाएगी। इसे लेकर द ग्रेट पदमा होटल में समिति की वृहद बैठक आयोजित हुई।

विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने किया शुभारंभ
बैठक का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने बाबा महाकाल की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. पाण्डेय ने कहा कि “श्रावण मास भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। इस पवित्र माह में कावड़ यात्रा निकालना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और सेवा का प्रतीक है।”
उन्होंने कहा “जब हम त्रिवेणी संगम के पवित्र जल से बाबा केदारेश्वर का अभिषेक करते हैं, तो उसमें पूरे क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और सद्भाव की कामना जुड़ी होती है। कावड़ में उठा हर कदम, बोला हर ‘बोल बम’ का नारा और बहाया हर पसीना, राष्ट्र और समाज की उन्नति के लिए समर्पित होता है।” डॉ. पाण्डेय ने आगे कहा “शिव हमें त्याग, तपस्या और परोपकार की प्रेरणा देते हैं। यह यात्रा हमें सिखाती है कि धर्म के साथ सेवा भी हो, आस्था के साथ एकता भी हो। मैं सभी शिवभक्तों से आग्रह करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में इस यात्रा से जुड़ें और सनातन संस्कृति की इस परंपरा को आगे बढ़ाएं। बाबा महादेव सभी के कष्ट दूर करें और हमारे क्षेत्र में खुशहाली का वास हो। अंत में उन्होंने “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ सभी को शुभकामनाएं दीं।

क्षेत्र की खुशहाली के लिए होगा जलाभिषेक – प्रांजल पाण्डेय
यात्रा संयोजक प्रांजल पाण्डेय ने कहा कि “सभी के कल्याण एवं क्षेत्र की खुशहाली व उन्नति की भावनाओं को लेकर मिण्डा जी त्रिवेणी संगम के जल से श्री केदारेश्वर महादेव का अभिषेक कर जनता व क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की जाएगी।” उन्होंने भक्तों से अपील की कि भक्ति भाव व हर्षोल्लास के साथ निकलने वाली इस कावड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर धर्म लाभ लें। बैठक के दौरान क्षेत्र के युवाओं द्वारा पिपलौदा के ही मेघराज स्टूडियो में रिकॉर्ड किया गया एवं क्षेत्र के ग्रामीण धार्मिक पर्यटन देवझर, अरनोद राजस्थान के गौतमेश्वर एवं रतलाम के जेवीएल मंदिर आदि प्रमुख क्षेत्रीय पर्यटन स्थल पर वीडियो शूटिंग किया गया बाबा महाकाल का भजन मै मस्त मलंग गाने को अतिथियों द्वारा लांच किया गया। साथ ही कावड़ यात्रा के पोस्टर का विमोचन किया गया।

22 को जावरा व 23 को आम्बा में होगा रात्रि विश्राम
समिति के वरिष्ठ महेश सोनी ने बताया कि 22 अगस्त: यात्रा मिण्डा जी से प्रातः 8 बजे प्रारंभ होगी। शाम करीब 5 बजे जावरा नगर में प्रवेश करेगी। यहां जागनाथ महादेव के दर्शन व नगर भ्रमण कर रात्रि विश्राम होगा। 23 अगस्त: प्रातः यात्रा पुनः प्रारंभ होकर पिपलौदा नगर का भ्रमण करते हुए कमलेश्वर महादेव मंदिर, कमलाखेड़ा पहुंचेगी। दर्शन के बाद शाम करीब 7 बजे आम्बा पहुंचकर रात्रि विश्राम होगा। 24 अगस्त: यात्रा सैलाना स्थित केदारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। वहां जलाभिषेक कर महाआरती के साथ यात्रा का समापन होगा।

इन्होंने भी किया सम्बोधित
बैठक में समिति के बालाराम पाटीदार, बद्रीलाल शर्मा, राजेश शर्मा, दिनेश पाटीदार, रितेश जैन, मांगीलाल पांचाल, राजेन्द्र सिंह देवड़ा ने भी अपने विचार रखे इस अवसर पर 2 हजार से अधिक शिवभक्त उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound