श्रावण माह के दौरान उज्जैन स्टेशन पर विशेष भीड़ प्रबंधन योजना लागू

रतलाम, 30 जुलाई। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा श्रावण मास एवं सावन महोत्सव के दौरान उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षित एवं सुचारु यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उज्जैन रेलवे स्टेशन पर विशेष भीड़ प्रबंधन योजना लागू की गई है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मण्‍डल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवधि में विभिन्न तिथियों पर प्रतिदिन लगभग 80 हजार से अधिक यात्रियों के स्टेशन पर आने का अनुमान है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए 4 अतिरिक्त यूटीएस टिकट काउंटर संचालित किए जाएंगे। प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने हेतु 6 अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए 50 अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल तथा 30 अतिरिक्त जीआरपी कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इंदौर से खड़की, मुंबई सेंट्रल, निजामुद्दीन, पटना के मध्य चलने वाली पांच स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी पुनः विस्तारित किए गए हैं जिसका लाभ श्रवण माह में उज्जैन आने वाले यात्रियों को भी मिलेगा।
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए आवश्यकता अनुसार उज्जैन–भोपाल–उज्जैन के मध्य अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। साथ ही, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए उज्जैन स्टेशन पर एक अतिरिक्त इमरजेंसी रेक उपलब्ध रखा गया है।
स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण के लिए वर्तमान पार्किंग क्षेत्र को क्राउड होल्डिंग एरिया के रूप में उपयोग किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मुख्य प्रवेश द्वार (पीएफ-1) के बाहर लगभग 650 वर्गमीटर क्षेत्र में अस्थायी क्राउड होल्डिंग एरिया विकसित किया गया है। यातायात को व्यवस्थित रखने हेतु तीन लेन को नो-व्हीकल जोन तथा गार्डन की ओर एक लेन को थ्रू लेन बनाया गया है।
यात्रियों को अनारक्षित टिकट सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 स्थित पीआरएस कार्यालय से अतिरिक्त टिकट बिक्री की व्यवस्था की जाएगी। सभी प्रवेश द्वारों पर रेलवे सुरक्षा बल एवं टिकट चेकिंग स्टाफ तैनात रहेगा। यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए मैनुअल एवं ऑटोमेटिक उद्घोषणाएँ की जाएंगी तथा स्टेशन परिसर में अतिरिक्त साइनेज बोर्ड भी लगाए गए हैं एवं साफ सफाई के लिए अलग से व्‍यवस्‍था की गई है।
रेलवे द्वारा राज्य प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound