
रतलाम । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री सुभाष चंद्र जैन के संयुक्त दल ने रतलाम जिले के सैलाना ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर करिया के अंतर्गत ग्राम पहाड़ी बंगला तथा पिपलोदा ब्लॉक के ग्राम मचून में ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस का औचक निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने शून्य से 5 वर्ष आयु समूह के बच्चों में बाल्यकालीन बीमारियों की देखभाल, 9 माह से 5 वर्ष आयु के बच्चों का हीमोग्लोबिन परीक्षण कर उन्हें आयरन फोलिक एसिड की प्रदायगी, विटामिन-ए अनुपूरण, सभी आवश्यक टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य देखभाल, गर्भावस्था की प्रथम तिमाही में उनका पंजीयन, ओआरएस पैकेट एवं जिंक की गोलियों का वितरण तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने संबंधी आवश्यक निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान श्री लोकेश वैष्णव सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।