रतलाम मंडल में ‘स्टोर्स एंड वेंडर मीट–2026’ का सफल आयोजन

लगभग 120 विक्रेताओं ने लिया भाग, एमएसई, महिला एवं एससी/एसटी उद्यमियों की भागीदारी पर विशेष जोर

रतलाम 30 जुलाई। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के स्टोर्स विभाग द्वारा मंडल कार्यालय एवं डीजल शेड रतलाम के संयुक्त प्रयास से गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को ‘स्टोर्स एंड वेंडर मीट–2026’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 120 विक्रेताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मण्‍डल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार
द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय रेल की खरीद प्रणाली, विभिन्न ई-प्रोक्योरमेंट प्लेटफॉर्म पर विक्रेता पंजीकरण तथा व्यवसाय के नए अवसरों के संबंध में जागरूकता बढ़ाना था। प्रतिभागियों को इंडियन रेलवे ई-प्रोक्योरमेंट सिस्टम (IREPS), गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) तथा उद्यम (UDYAM) पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया एवं उससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले विक्रेताओं में लगभग 90 प्रतिशत सूक्ष्म एवं लघु उद्यम (MSEs) थे। इनमें 40 प्रतिशत अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (SC/ST) श्रेणी के एमएसई तथा 10 प्रतिशत महिला उद्यमी शामिल थीं। कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से महिला उद्यमियों तथा एससी/एसटी स्वामित्व वाले एमएसई की रेलवे खरीद प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर विक्रेताओं को वेंडर पंजीकरण, गुणवत्ता मानकों, खरीद प्रक्रियाओं एवं भारतीय रेल में सामग्री आपूर्ति से संबंधित व्यावसायिक अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञ अधिकारियों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें रेलवे की खरीद प्रणाली को बेहतर ढंग से समझने में मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में विक्रेताओं की सक्रिय सहभागिता एवं सकारात्मक संवाद ने इसे अत्यंत सफल बनाया। स्टोर्स विभाग, रतलाम के वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक श्री अमीर यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में वर्तमान एवं संभावित विक्रेताओं को रेलवे द्वारा उपयोग में लाई जाने वाली विभिन्न सामग्रियों, उनके तकनीकी विनिर्देशों (Specifications), गुणवत्ता संबंधी मानकों, खरीद प्रक्रिया तथा भविष्य की आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound