
रतलाम । पतंजलि परिवार के पाँचों संगठन—भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, पतंजलि योग समिति, युवा भारत, पतंजलि महिला योग समिति एवं किसान सेवा समिति—के संयुक्त तत्वावधान में रतलाम जिला कार्यालय पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ एवं गुरु पूजन से हुआ। उपस्थित योग साधकों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरु चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भारतीय संस्कृति, योग और स्वदेशी के संवर्धन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। गुरु का सान्निध्य व्यक्ति के जीवन को नई दिशा, नई ऊर्जा और श्रेष्ठ संस्कार प्रदान करता है।
इस अवसर पर सभी ने परम पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज एवं आचार्य बालकृष्ण जी महाराज के योग, आयुर्वेद एवं स्वदेशी अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन गुरु वंदना, भजन, प्रसाद वितरण एवं सामूहिक मंगलकामना के साथ हुआ।
“गुरु गोविन्द दोऊ खड़े, काके लागूँ पाय।
बलिहारी गुरु आपने, गोविन्द दियो बताय॥”