स्व. सरदार गुरनाम सिंह जी डंग की जन्मजयंती के उपलक्ष्य में प्रतिभा सम्मान समारोह सम्पन्न

रतलाम । मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़ केंद्रीय गुरु सिंह सभा द्वारा स्व. सरदार गुरनाम सिंह जी डंग की जन्मजयंती के उपलक्ष्य में सिख एवं पंजाबी समाज के विद्यार्थियों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन न्यू रोड स्थित श्री गुरु सिघ सभा परिसर में किया गया। समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. एच. एस. खालसा , विशेष अतिथि प्रो. मनप्रीत सिंह गंभीर, सरदार अवतार सिंह सलूजा, देवेंद्र सिंह बग्गा, हरजीत सिंह चावला, देवेंद्र सिंह वाधवा, कश्मीर सिंह सोढ़ी एवं कवलजीत सिंह मक्कड़ थे । प्रारंभ में अतिथियों ने सरदार गुरनाम सिंह डंग के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़ केंद्रीय गुरु सिंह सभा के उपाध्यक्ष सरदार गगनदीप सिंह डंग एवं मनमीत सिंह डंग, गुरविंदर सिंह खालसा, विम्पी छाबड़ा, गुरजीत सिंह गांधी, गुरमीत सिंह गुरुदत्ता, जगमीत अजमानी, जसपाल सलूजा, बलजीत गुरुदत्ता तथा सरबजीत सलूजा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में डॉ. एच. एस. खालसा, प्रो. मनप्रीत सिंह गंभीर एवं गिरीश पारकर जैसे विद्वान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, संस्कार, लक्ष्य निर्धारण तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। वहीं सरदार अवतार सिंह सलूजा एवं सरदार गगनदीप सिंह डंग ने विद्यार्थियों को जीवन की सही राह पर चलने, अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि उत्तम चरित्र निर्माण और समाज सेवा का आधार है।
अतिथियों द्वारा समाज के विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं सम्मान-पत्र वितरित कर सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं। विद्यार्थियों के सम्मान के उपरांत सिख समाज के दो प्रतिभाशाली व्यक्तित्वो रोटरी क्लब रतलाम अध्यक्ष बनने के उपलक्ष्य में अमरपाल सिंह वाधवा व पुलिस विभाग में पदोन्नति प्राप्त करने पर कमलजीत सिंह मक्कड़ को सम्मान-प्रतीक भेंट कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की युवा प्रतिभाओं का सम्मान करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना तथा स्वर्गीय सरदार गुरनाम सिंह जी डंग द्वारा शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करना था। समारोह का समापन सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुआ| कार्यक्रम का संचालन विकास शैवाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound