जन्माष्टमी कार्यक्रम पूर्ण उत्साह से मनाया गया


रतलाम । काटजू नगर स्थित श्री पिपलेश्वर महादेव मन्दिर भक्त मण्डल द्वारा जन्माष्टमी का कार्यक्रम पूर्ण उत्साह से मनाया गया जिसमें आयोजन समिति के सर्वश्री नरेन्द्रसिंह डोडिया, निलेश पाटीदार, योगेंद्र पुरोहित, सुनील भंडारी, आशीष चौपड़ा, मधु दीदी सहित स्थानीय नागरिकों एवं बच्चों ने बड़े ही जोश एवं उत्साह के साथ सहभागिता की. आयोजन समिति की और से सावन सोमवार के अवसर पर जिन-जिन बच्चों ने सुन्दर रंगोली बनायी थी उन सभी बच्चों को आज पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर श्री नरेन्द्रसिंह डोडिया ने हिन्दू त्यौहारों पर प्रकाश डालते हुए कहा – भारत विविधताओं से भरा हुआ देश है, हिंदू धर्म के प्रत्येक त्योहार में कोई न कोई गहरा सामाजिक और नैतिक संदेश छिपा होता है। यही कारण है कि त्योहार व्यक्ति को आनंद देने के साथ-साथ पूरे समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करते हैं कृष्ण जन्माष्टमी का हमारे जीवन में विशेष महत्व है श्रीकृष्ण ने भगवद्गीता के माध्यम से हमें कर्म का महत्व समझाया उन्होंने सिखाया कि हमें अपने कर्तव्य को ईमानदारी से करना चाहिए और फल की चिंता नहीं करनी चाहिए।
श्री निलेश पाटीदार ने कहा -कृष्ण जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं है, बल्कि यह हमें धर्म, सत्य, प्रेम और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला पर्व है। हमें इस त्योहार को श्रद्धा के साथ मनाने के साथ-साथ श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए।
मधुदीदी ने बच्चों को काँन्हा जी के जीवन परिचय एवं उनके जीवन में घटित घटनाओं से परिचित कराया साथ ही बच्चों से काँन्हा जी के जोरदार जयकारें लगवाकर पूरे माहौल को भक्ति एवं उत्साह से गुंजायमान करवा दिया. कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष चौपड़ा ने आभार प्रदर्शन श्री सुनील भंडारी ने किया।