मार्च तक पूर्ण होकर हैंडओवर होगा 300 बेड का सुपर स्पेशलिटी जिला अस्पताल : कलेक्टर श्री कटेसरिया

  • निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, तीव्र गति से जारी है कार्य
  • जनता का स्वास्थ्य शासन-प्रशासन की पहली प्राथमिकता

रतलाम 7 सितंबर । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने समदढ़ियां ग्रुप (ठेकेदार) द्वारा निर्मित किए जा रहे 300 बेड के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के निर्माण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने समदढ़ियां ग्रुप के मालिक श्री अजीत समदढ़ियां एवं ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट श्री जसवंत सिंह डोडिया को निर्देश दिए कि अस्पताल निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। इस दौरान समदढ़ियां ग्रुप द्वारा अस्पताल का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूर्ण कर हैंडओवर करने का स्पष्ट कमिटमेंट दिया गया।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि जनता का स्वास्थ्य शासन-प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किसी भी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य में और तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि भवन निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी होती है तो नियमानुसार पेनल्टी की कार्यवाही भी की जाएगी। कलेक्टर ने निर्माणाधीन अस्पताल के कार्य की प्रगति के बारे में कहा कि वर्तमान में निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है और कार्य तीव्र गति से जारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

300 बेड का आधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल
निर्माणाधीन 300 बेड के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ ओपीडी, इमरजेंसी, डॉक्टर चैंबर एवं प्रशासनिक भवन सहित विभिन्न सुविधाएं शामिल रहेंगी। अस्पताल के निर्माण से जिले के नागरिकों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि अस्पताल निर्माण कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि कार्य समय पर पूर्ण होकर मार्च में ही अस्पताल का हैंडओवर सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *