गौसेवा को जीवन का उद्देश्य बनाना सराहनीय : संत श्री गोशरणानंद जी सरस्वती

रतलाम। हरमाला रोड स्थित लोकेंद्रनाथ महादेव मंदिर के समीप भवन में नव निर्माणाधीन गो चिकित्सालय मां कामधेनु शक्तिपीठ, सुजालपुर धाम के संत गो क्रांतिकारी गौ शरणानंद सरस्वती जी महाराज का चातुर्मास चल रहा है। इसके अंतर्गत आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर कथा श्रवण कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को वाघेला गोसेवा जीव दया समिति की ओर से संत गोशरणानंद सरस्वती जी महाराज का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। समिति के प्रमुख दिनेश वाघेला, बाबूलाल सिसोदिया एवं काजल गुरु ने संतश्री का स्वागत कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर संत गोशरणानंद सरस्वती जी महाराज ने वाघेला गोसेवा जीव दया समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समिति गोवंश के प्रति अत्यंत संवेदनशील है और गौसेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाकर कार्य कर रही है। गोसेवा एवं जीव दया के क्षेत्र में समिति द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि समाज में गौ सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और गोवंश के संरक्षण के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने संत श्री का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *