
जावरा (रतलाम)। जावरा टेन्ट, केटरिंग, फ्लॉवर डेकोरेशन एसोसिएशन द्वारा जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर संस्था सदस्यों का मैत्री मिलन समारोह रतलाम जिले की प्रमुख गौशाला ग्राम तालीदाना में संत श्री नमन जी वैष्णव के मुख्य आतिथ्य एवं तालीदाना ग्राम के ठा. विनोदसिंह जी एवं गौशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री गजेन्द्र सिंह जी के विशेष आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं संस्था के अध्यक्ष रितेश जैन एवं अन्य पदाधिकारियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने उद्बोधन में श्री नमन जी महाराज ने कहा कि आज के युग में जीवन से संबंधित हर अवसर पर टेन्ट केटरिंग व्यवसाय का महत्व है। ये सब व्यवसायी आज के युग के विश्वकर्मा हैं, जो सुन्दर से सुन्दर नगरी रातो रात तैयार कर जंगल में मंगल कर देते हैं। स्वामी जी ने गौ माता की विशेषताओं का वर्णन करते हुए उसे भारतीय संस्कृति और अर्थव्यवस्था का मूल आधार बताया।
तालीदाना स्थित गौशाला की आवश्यकताओं पर इसके अध्यक्ष एवं श्री नमन जी महाराज की प्रेरणा से एसोसिएशन के विभिन्न सदस्यों ने अपनी तरफ से 11 भोजन की टेबल इसको भेंट करने की घोषणा की। इसी के साथ संस्था अध्यक्ष द्वारा 151 भोजन सेट एवं संस्था के परामर्शदाता नगद राशि संस्था को भेंट करने की घोषणा की गई।
उक्त समस्त आयोजनों का लाभ मामटखेड़ा स्थित पंचायत के सदस्य, विकास टेन्ट हाउस, राठौर टेन्ट हाउस, पाटीदार टेन्ट हाउस के मालिकों द्वारा किया गया। संस्था द्वारा श्री नमन जी महाराज एवं ट्रस्ट के पदाधिकारियों का स्वागत एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव व अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया गया। गौशाला ट्रस्ट की ओर से सभी उपस्थित सदस्यों का साफा एवं माला से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर समस्त सदस्यों द्वारा पौधारोपण एवं हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए प्रभु से अच्छी वर्षा एवं क्षेत्र को धन-धान्य से भरपूर करने हेतु प्रार्थना की गई। सभा का संचालन एवं आभार प्रदर्शन संस्था के परामर्शदाता श्री आनन्दीलाल जी संघवी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के साथ ही भगवान श्री कृष्ण को भोग लगाकर एवं आरती कर समस्त सदस्यों ने प्रसाद ग्रहण किया।उक्त जानकारी संस्था के मीडिया प्रभारी राजू खराड़ी एवं विकास राठौर द्वारा दी गई।