मूर्ति पूजक युवक महासंघ ने कलेक्टर व मंत्री चैतन्य काश्यप को सौंपा पत्र, विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा को देखते हुए परीक्षा स्थगित करने की मांग

रतलाम। अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक युवक महासंघ, रतलाम इकाई द्वारा पर्यूषण महापर्व के अवसर पर 15 सितंबर को आयोजित होने वाली शासकीय एवं अन्य विद्यालयों की परीक्षाओं की तिथि में परिवर्तन करने का अनुरोध किया गया है। इस संबंध में महासंघ द्वारा कलेक्टर महोदय तथा रतलाम नगर विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन में लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योग मंत्री चैतन्य काश्यप को पत्र सौंपा गया।
महासंघ ने पत्र के माध्यम से बताया कि 15 सितंबर को पर्यूषण महापर्व होने के कारण जैन समाज के विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक धार्मिक आराधना, तप एवं साधना के लिए मंदिर एवं स्थानक जाते हैं। ऐसे में उसी दिन परीक्षा आयोजित होने से विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों को भी धार्मिक आराधना में शामिल होने में असुविधा का सामना करना पड़ता है। महासंघ ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की धार्मिक भावनाओं और सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15 सितंबर को निर्धारित परीक्षा की तिथि में परिवर्तन करने का अनुरोध किया।
महासंघ के पदाधिकारियों के अनुसार, इस प्रस्ताव पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए परीक्षा की तिथि में परिवर्तन किए जाने की बात कही गई है।
जिला एवं नगर इकाई का किया गया मनोनयन
युवक महासंघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजेश रांका ने बताया कि रतलाम इकाई द्वारा जिला संरक्षक जयवंत कोठारी तथा कार्यकारिणी सदस्यों राजेंद्र दरण, नीलेश चोरडिया एवं राजेश रांका की संयुक्त उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मूर्ति पूजक युवक महासंघ के जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ रतलाम नगर इकाई का भी मनोनयन किया गया।
मनोनयन के तहत जिला अध्यक्ष मुकेश पगारिया, नगर इकाई अध्यक्ष जितेंद्र चोपड़ा, उपाध्यक्ष श्रीपाल भंडारी एवं राजेश पोरवाल काकड़ीवाला, सचिव नीलेश पोरवाल काकड़ीवाला एवं सिद्धार्थ कोठारी, प्रचार सचिव शुभम तलेरा तथा सांस्कृतिक सचिव संजय मोदी को मनोनीत किया गया। महासंघ पदाधिकारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से समाज के युवाओं को संगठन से जोड़ने, धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।