
रतलाम, 10 सितंबर। नमकीन एवं अलाईड फूड क्लस्टर में स्थापित उद्योगों को निर्बाध एवं स्थिर विद्युत आपूर्ति हेतु 132 केवी ईएचवी उपकेन्द्र बिलपांक से क्लस्टर के लिए स्वतंत्र 33 केवी विद्युत फीडर को गुरुवार को ऊर्जीकृत किया गया।
नई व्यवस्था से क्लस्टर की औद्योगिक इकाइयों को अधिक स्थिर एवं अनवरत विद्युत आपूर्ति मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ी ट्रिपिंग की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।यह कार्य माननीय कैबिनेट मंत्री श्री चेतन्य काश्यप जी, एमएसएमई मंत्रालय के निर्देशानुसार विद्युत विभाग द्वारा अधीक्षण अभियंता श्री मनोज शर्मा जी के मार्गदर्शन एवं कार्यपालन यंत्री श्री विक्रांत जी ठाकुर के नेतृत्व में सहायक अभियंता श्री किशोर जी वास्कले एवं उनकी टीम के प्रयासों से पूर्ण किया गया। पूर्व में 132 केवी ईएचवी उपकेन्द्र बिलपांक से निर्गमित 33 केवी नमकीन क्लस्टर फीडर से नमकीन एवं अलाईड फूड क्लस्टर, सरवड़ एवं प्रीतमनगर उपकेन्द्रों को विद्युत प्रदाय किया जा रहा था, इसके चलते ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत भार एवं वहां होने वाली ट्रिपिंग का प्रभाव क्लस्टर के औद्योगिक क्षेत्र पर भी पड़ता था।
10 सितंबर 2026 को 132 केवी बिलपांक उपकेन्द्र पर नवीन 33 केवी बे का निर्माण कर आरडीएसएस योजना के अंतर्गत नवीन 33 केवी फीडर को ऊर्जीकृत किया गया, इस फीडर पर 33/11 केवी सरवड़ एवं प्रीतमनगर उपकेन्द्रों का भार स्थानांतरित किया गया है। इससे नमकीन एवं अलाईड फूड क्लस्टर के लिए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिक स्वतंत्र एवं स्थिर हो गई है तथा ग्रामीण क्षेत्र की ट्रिपिंग का प्रभाव क्लस्टर की विद्युत आपूर्ति पर नहीं पड़ेगा।
नमकीन एवं अलाईड फूड क्लस्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री वैभव कुमार जैन ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए अधीक्षण अभियंता श्री मनोज शर्मा जी सहित विद्युत विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र विद्युत व्यवस्था से क्लस्टर के उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा विद्युत व्यवधान कम होने से उत्पादन गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर एसोसिएशन के सचिव श्री हितेश बाफना, कोषाध्यक्ष श्री शीतल बोहरा एवं सदस्य उद्योगपति श्री महेश गोयल सहित विद्युत विभाग से श्रीमती सुनीता राठौर, कार्यपालन अभियंता (टेस्टिंग), श्री जे.पी. परमार, सहायक अभियंता (ईएचटी) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।