- दसलक्षण पर्व पर बच्चों की परीक्षाएं स्थगित करने की मांग
- जैन समाज के कर्मचारियों को दोपहर 12 बजे तक कार्यालय आने की छूट देने हेतु आवेदन
- विशेष दिवसों पर शासकीय आदेशों का कड़ाई से पालन कराने की अपील



इंदौर, 10 सितंबर (राजेश जैन दद्दू) । आज राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ एवं संपूर्ण जैन समाज इंदौर द्वारा संभागायुक्त (कमिश्नर) कार्यालय पहुँचकर प्रशासनिक अधिकारियों को एक ज्ञापन एवं आवेदन पत्र सौंपा गया। यह ज्ञापन जैन समाज के सबसे पवित्र ‘दसलक्षण पर्व’ और अन्य विशेष धार्मिक अवसरों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तुत किया गया है।
राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के प्रचारक एवं मंयक जैन एवं प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्नर कार्यालय पर मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया:
- शासकीय आदेशों का पालन: विशेष धार्मिक एवं ऐतिहासिक दिवसों पर शासन द्वारा जारी निर्देशों तथा नियमों का जमीनी स्तर पर कड़ाई से पालन कराया जाए।
- परीक्षाएं स्थगित करने की मांग: दसलक्षण पर्व की पावन अवधि के दौरान जैन समाज के बच्चों व विद्यार्थियों के पठन-पाठन और धार्मिक साधना को ध्यान में रखते हुए इस दौरान आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित किया जाए।
- कार्यालयीन समय में छूट: दसलक्षण पर्व के दौरान जैन समाज के अधिकारी-कर्मचारियों को सुबह की पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सम्मिलित होने हेतु प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे तक कार्यालय आने की विशेष अनुमति/छूट दी जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ के पदाधिकारी, जैन समाज के वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।