लगभग दो दशक बाद लीना नागदे ने वाक् प्रतियोगिता में द्वितीय एवं जनार्दन कुमार ने टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया


रतलाम 11 सितंबर। पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल के कर्मचारियों ने अखिल रेल हिंदी वाक् एवं टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मंडल का नाम गौरवान्वित किया है। अखिल रेल हिंदी वाक् एवं टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता-2025 का आयोजन 02 सितंबर 2026 को पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर में किया गया, जिसमें रतलाम मंडल के दो कर्मचारी भी शामिल हुए।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वाक् प्रतियोगिता में रतलाम मंडल की श्रीमती लीना नागदे, मुख्य कार्यालय अधीक्षक ने द्वितीय स्थान तथा टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता में श्री जनार्दन कुमार, गोपनीय सहायक ने तृतीय स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। दोनों विजेताओं को रेलवे बोर्ड की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अखिल रेल स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रतलाम मंडल के दो कर्मचारियों का प्रथम तीन स्थानों में चयन होना मंडल के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि मंडल में हिंदी के प्रति कर्मचारियों की रुचि तथा राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग को दर्शाती है।
इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार सहित रतलाम मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रीमती लीना नागदे एवं श्री जनार्दन कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।