बैरसिया में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के वृहद जनकल्याण शिविर एवं ‘उद्यम संवाद’ में शामिल हुए प्रभारी मंत्री चेतन्य काश्यप

रतलाम। भोपाल जिले की बैरसिया तहसील स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ के अंतर्गत वृहद जनकल्याण एवं जनसमस्या निवारण शिविर और ‘उद्यम संवाद’ आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनहितैषी सोच के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण के लिए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रारंभ किया गया है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिले।

एक सप्ताह में करें प्रत्येक आवेदन का निराकरण
प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर अधिकतम एक सप्ताह में उसका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित शिविरों में पहुँचकर अधिकारियों की उपस्थिति में आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। जिन आवेदनों का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उनमें आवेदक को कारण एवं संभावित समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी दी जाए।

फसल क्षति का होगा पारदर्शी सर्वे
प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि राज्य सरकार वर्तमान वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है। सोयाबीन की फसल में हुई क्षति का पारदर्शी सर्वे कराने के लिए शीघ्र ही दलों का गठन किया जाएगा। सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बैरसिया क्षेत्र में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0’ के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ दिलाया जाएगा।
श्री काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा के अनुरूप सहकारिता एवं दुग्ध संघ को सुदृढ़ करने के साथ खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग और पशुपालन के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों के विकास से किसानों की आय बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों पर हुआ संवाद
शिविर के साथ आयोजित ‘उद्यम संवाद’ में स्थानीय उद्योगपतियों एवं उद्यमियों ने अपनी समस्याएँ और सुझाव रखे। औद्योगिक क्षेत्र में अधोसंरचना, भू-खंड आवंटन तथा विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। बैरसिया विधायक विष्णु खत्री, नगर पालिका अध्यक्ष तनुश्री, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा आदि मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *