ऋषभदेव गौरव न्यास डॉ अशोक बड़जात्या को जैन समाज गौरव एवं अर्पित वाणी को जैन युवा गौरव सम्मान से सम्मानित करेगा

इंदौर। डॉ अनुपम जैन की प्रेरणा से इंदौर अंचल के जैन समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों तथा प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से वर्ष 2013 में ऋषभदेव गौरव न्यास का गठन कर जैन समाज गौरव एवं जैन युवा गौरव सम्मान एवं पुरस्कार दिए जाने की शुरुआत की गई।
इसी श्रृंखला में इस वर्ष वरिष्ठ समाज सेवी वर्ग में दिगंबर जैन महा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अशोक बड़जात्या, एवं जैन युवा वर्ग में धर्म, संस्कृति को समर्पित प्रतिभाशाली युवा अर्पित वाणी को सम्मानित जाएगा।
इस आशय की घोषणा न्यास द्वारा गठित निर्णायक मंडल के न्यायमूर्ति श्री जेके जैन, प्रोफेसर निलेश कुमार जैन IIT एवं श्री प्रकाश छाबड़ा (माइक्रोसॉफ्ट) के द्वारा सर्वसम्मत चयनित निर्णय के आधार पर न्यास के अध्यक्ष डॉ अनुपम जैन ने की।
न्यास के मंत्री श्री जैनेश झांझरी ने बताया कि सम्मान के अंतर्गत सम्मानित प्रत्येक प्रतिभा को दुपट्टा ,शाल, मोतियों की माला, श्रीफल प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान निधि के रूप मे 1 लाख 11 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। इस वर्ष के दोनों पुरस्कारों की सम्मान राशि के प्रायोजक टीएनए सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड हैं।
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि न्यास द्वारा पूर्व में जैन समाज गौरव से सर्वश्री सुंदरलाल जैन बीड़ी वाले, आरके जैन रानेका, श्रीमती चित्रा एस के जैन, मनोहर सिंह मानसिंह जैन, श्रीमती सुमन दिग्विजय सिंह जैन एवं डॉक्टर सूरजमल बोबरा को सम्मानित किया जा चुका है। इसी प्रकार जैन युवा गौरव सम्मान से अंशुल जैन, अपोलो कासलीवाल, प्रकाश पूजा छाबड़ा, सिद्धार्थ अविनाश सेठी, कुमारी नित्यता जैन एवं आलेख जैन को सम्मानित किया जा चुका है। सम्मान की श्रृंखला में न्यास ने जैन धर्म क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले मनीषी विद्वान पंडित रतनलाल शास्त्री, हस्तिनापुर पीठाधीश स्वामी रविंद्र कीर्तिजी एवं पंडित रमेश चंद बांझल को भी सम्मानित किया जा चुका है। इस वर्ष सम्मान समारोह आगामी 18 अक्टूबर रविवार को प्रातः 9:30 बजे रविंद्र नाट्य ग्रह आरएनटी मार्ग में आयोजित होगा। सम्मान समर्पण समारोह में तीर्थंकर ऋषभदेव विद्वत महासंघ के विद्वानों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *