गणेश पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को विशेष सतर्कता एवं सक्रियता के दिए निर्देश, आयोजकों से किया सीधा संवाद


रतलाम 13 सितंबर । आगामी गणेश उत्सव, अनंत चतुर्दशी एवं अन्य त्यौहारों के दृष्टिगत रतलाम पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) द्वारा जिले के जावरा एवं आलोट अनुभाग का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था एवं त्यौहारों की तैयारियों का जमीनी स्तर पर जायजा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा भ्रमण के दौरान गणेश उत्सव के लिए स्थापित विभिन्न गणेश पंडालों का निरीक्षण किया गया तथा आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
जावरा में गणेश पंडालों का निरीक्षण–
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार सर्वप्रथम जावरा पहुंचे। यहां उन्होंने जावरा शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए गणेश उत्सव के दौरान लगाए गए गणेश पंडालों एवं आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंडालों में की गई व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, आवागमन एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित आवश्यक बिंदुओं की जानकारी ली गई। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्यौहारों के दौरान क्षेत्र में विशेष सतर्कता एवं सक्रियता बनाए रखें तथा संवेदनशील स्थानों एवं आयोजन स्थलों पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण श्री विवेक कुमार लाल, नगर पुलिस अधीक्षक जावरा श्री युवराज सिंह चौहान, थाना प्रभारी जावरा शहर सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
आलोट एवं ताल में भी लिया कानून-व्यवस्था एवं त्यौहारों की तैयारियों का जायजा
जावरा के बाद पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा आलोट अनुभाग के आलोट एवं ताल कस्बे का भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने आगामी त्यौहारों के मद्देनजर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं पुलिस तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक द्वारा आलोट क्षेत्र में स्थापित विभिन्न गणेश पंडालों एवं आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया गया तथा आयोजन समितियों के पदाधिकारियों एवं आयोजकों से प्रत्यक्ष संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। आयोजकों को त्यौहार के दौरान शांति, सद्भाव एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों एवं व्यवस्थाओं का ध्यान रखने के लिए समझाइश दी गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आलोट श्रीमती पल्लवी गौर, थाना प्रभारी आलोट निरीक्षक योगेश पाटीदार सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
अधिकारियों को विशेष सक्रियता एवं सतत निगरानी के निर्देश–
पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए—
🔹 क्षेत्र में निरंतर भ्रमण एवं प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए।
🔹 गणेश पंडालों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था रखी जाए।
🔹 संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।
🔹 आयोजकों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ निरंतर जनसंवाद एवं समन्वय बनाए रखा जाए।
🔹 किसी भी संभावित विवाद अथवा अप्रिय स्थिति की सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
🔹 सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए।
🔹 त्यौहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था में बेहतर समन्वय रखा जाए।
आयोजकों से संवाद, शांतिपूर्ण आयोजन की अपील–
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने गणेशोत्सव समितियों एवं आयोजकों से चर्चा करते हुए कहा कि त्यौहार आस्था, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक हैं। सभी आयोजक पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय रखते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग करें।
उन्होंने आमजन एवं आयोजन समितियों से अपील की कि त्यौहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
रतलाम पुलिस द्वारा आगामी त्यौहारों के दौरान सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए जिलेभर में सतत निगरानी, फील्ड विजिट, जनसंवाद एवं आवश्यक पुलिस व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।