गणेश उत्सव में गूंजा सेवा और स्वच्छता का संदेश

  • यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मोत्सव पर एक माह के सेवा संकल्प अभियान में हर युवा सिर्फ 2 घंटे स्वच्छता और पौधारोपण आयोजन में सहभागिता करें – अनिल दसेड़ा
  • मालीपुरा और पटेल कॉलोनी में गणेश आरती कार्यक्रम में हुए शामिल, युवा मंडलों से पर्यावरण व स्वच्छता अभियान में सहभागिता की अपील

जावरा। रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान श्री गणेश के उत्सव के अवसर पर शहर में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने बड़ा मालीपुरा स्थित विनायक मित्र मंडल तथा पटेल कॉलोनी स्थित श्री सिद्ध विनायक गणेश उत्सव समिति के आरती कार्यक्रम में सहभागिता कर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. राठौड़, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन घनश्याम सोलंकी एवं समाजसेवी गोरधन पटेल सहित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी और युवा साथी मौजूद रहे।

युवा साथियों का किया सम्मान
आरती कार्यक्रम के दौरान अनिल दसेड़ा ने दोनों गणेश उत्सव समितियों के युवा साथियों द्वारा किए जा रहे आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम हैं।
दसेड़ा ने विनायक मित्र मंडल मालीपुरा और श्री सिद्ध विनायक गणेश उत्सव समिति पटेल कॉलोनी के सभी युवा साथियों को शानदार आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए उनके आत्मीय स्वागत-सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।

गणेश उत्सव के साथ सेवा का संकल्प भी
इस दौरान दसेड़ा ने युवा साथियों से आग्रह किया कि गणेश उत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर घर पर एक दीप जलाने तथा 30 दिवसीय सेवा संकल्प अभियान के तहत विनायक युवा मंडल के साथियों से किसी एक दिन पर्यावरण एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा जब समाजसेवा से जुड़ती है तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे शहर पर पड़ता है। गणेश उत्सव के माध्यम से स्वच्छ जावरा, हरित जावरा और सेवा भाव का संदेश आगे बढ़ाने की दिशा में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान गणेश भक्तों और युवा साथियों में उत्साह का माहौल रहा। आरती के बाद सभी ने भगवान गणेश से नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *