जहां वृद्धजनों का आशीर्वाद मिला, वहीं मोदी जन्मोत्सव की खुशियां खिलीं

नगर निगम रतलाम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा के मुख्य आतिथ्य में विरियाखेड़ी वृद्धाश्रम में मनाया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मोत्सव

रतलाम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर नमो ग्रुप फाउंडेशन द्वारा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा रतलाम द्वारा संचालित विरियाखेड़ी वृद्धाश्रम में आत्मीयता, भक्ति और उल्लास के साथ जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम नगर निगम रतलाम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में वृद्धजनों के स्नेह और आशीर्वाद ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम में भगवान श्री गणेश एवं अम्बे माता की आरती की गई। मुख्य अतिथि श्रीमती मनीषा शर्मा सहित वृद्धजनों एवं उपस्थितजनों ने श्रद्धापूर्वक आरती में सहभागिता की। वहीं छोटे-छोटे बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक एवं मनमोहक रंगोली सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इसके पश्चात केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित वृद्धजनों एवं अतिथियों के साथ जन्मोत्सव की खुशियां साझा की गईं तथा सभी को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम का वातावरण भक्ति, उल्लास और आत्मीयता से सराबोर रहा। गणेशोत्सव की धार्मिक आस्था, प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव की खुशी और वृद्धजनों के स्नेह-आशीर्वाद के सुंदर संगम ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
नमो ग्रुप फाउंडेशन महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मंजुला माहेश्वरी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य वृद्धजनों के साथ खुशियां साझा करना तथा सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकार की भावना को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *