पत्रकार बीमा प्रीमियम में 50% हिस्सेदारी पर चिंता, राहत के लिए संघ ने शुरू की पहल

पूर्व में पत्रकारों को देना पड़ता था 25% प्रीमियम; अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग भी उठी

जावरा। पत्रकार स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा योजना के नवीनीकरण में पत्रकारों द्वारा 50 प्रतिशत प्रीमियम राशि वहन किए जाने के प्रावधान को लेकर पत्रकारों में चिंता है। पूर्व व्यवस्था में शासन 75 प्रतिशत और पत्रकार 25 प्रतिशत प्रीमियम राशि वहन करते थे। पत्रकारों का कहना है कि वर्तमान महंगाई में बढ़ा हुआ आर्थिक भार कई पत्रकारों के लिए मुश्किल हो सकता है।
इस संबंध में पत्रकारों ने आंचलिक पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेशजी टांक से प्रीमियम राशि कम करवाने और बीमा नवीनीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर पहल करने का आग्रह किया।
प्रदेश अध्यक्ष रमेशजी टांक एवं प्रदेश महासचिव अभय सुराणा ने बताया कि संघ इस मुद्दे को लेकर गंभीर है। प्रीमियम में राहत के लिए संचालक, जनसंपर्क संचालनालय एवं आयुक्त से चर्चा की जा रही है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के कार्यक्रमों के चलते भोपाल में अधिकारियों की व्यस्तता के कारण चर्चा नहीं हो सकी। अब अधिकारियों से पुनः संपर्क कर पत्रकारों की समस्या रखी जाएगी।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों के हित में प्रीमियम राशि कम करवाने के साथ नवीनीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उनका कहना है कि स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा योजना फील्ड में कार्यरत पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है, इसलिए प्रीमियम राशि व्यावहारिक और पत्रकारों की पहुंच में होना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *