अनुपमा जैन दैनिक भास्कर टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित

27 वर्षों की शैक्षणिक सेवा, नवाचार और विद्यालय विकास के लिए मिला सम्मान

सनावद। जैन जगत की कर्मठ एवं कुशल शिक्षिका तथा शासकीय प्राथमिक विद्यालय गणेशपुरी, बासवा की प्रधानाध्यापिका श्रीमती अनुपमा जैन (धर्म पत्नी राजेन्द्र जैन महावीर सनावद , राष्ट्रीय उपाध्यक्ष,जैन पत्रकार महासंघ)को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार एवं विद्यालय विकास के लिए टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया।
दैनिक भास्कर एवं डॉ. सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित भव्य टीचर्स एक्सीलेंट अवॉर्ड 2026 समारोह में श्रीमती अनुपमा जैन को श्रेष्ठ शिक्षक के रूप में यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में खंडवा विधायक कंचन तन्वे, महापौर अमृता यादव, दैनिक भास्कर के संपादक अनिमेष शर्मा, यूनिट हेड हीरालाल प्रजापति, कुलसचिव डॉ. अनिल तिवारी, पूर्व कुलसचिव रवि चतुर्वेदी एवं विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती अनुपमा जैन विगत 27 वर्षों से प्राथमिक शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। वर्तमान समय में जब अनेक शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या और संसाधनों की चुनौती बनी हुई है, ऐसे दौर में उन्होंने अपने नवाचार, समर्पण और विद्यालयीन गतिविधियों के माध्यम से शासकीय प्राथमिक विद्यालय गणेशपुरी बासवा को एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।
अत्यंत गरीब एवं पिछड़े क्षेत्र में स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय गणेशपुरी में वर्तमान में 66 विद्यार्थी दर्ज हैं। विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए दान दातारो के सहयोग से स्मार्ट टीवी, माइक सिस्टम, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित विभिन्न शैक्षिक संसाधन उपलब्ध हैं। विद्यालय को सुविधायुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनाने के लिए श्रीमती जैन ने निरंतर पहल की है। उनके प्रयासों से यह विद्यालय बड़वा विकासखंड के श्रेष्ठ विद्यालयों में अपनी पहचान बना चुका है।
श्रीमती अनुपमा जैन ने विद्यालय में केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार, रचनात्मक गतिविधियों एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। विद्यालय को एक आदर्श एवं समुन्नत स्वरूप प्रदान करने में उनके योगदान को क्षेत्र में सराहा जाता है।
इससे पूर्व 26 जनवरी को भी विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री रेवाराम वर्मा बड़वाह द्वारा श्रीमती अनुपमा जैन को उत्कृष्ट शिक्षिका के रूप में सम्मानित किया जा चुका है।
टीचर एक्सीलेंट अवॉर्ड 2026 प्राप्त करने के अवसर पर श्रीमती अनुपमा जैन ने कहा कि सम्मान व्यक्ति के कार्य का अंत नहीं, बल्कि आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।इस अवार्ड के लिए विद्यालय की सहयोगी शिक्षिका श्रीमती उषा ठाकुर, श्रीमती वर्षा तोमर की टीम भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि सब मिलकर विद्यालय को उन्नत बनाते हैं, ग्रामवासियों का सहयोग भी निरंतर मिलता है।उन्होंने दैनिक भास्कर परिवार एवं डॉ. सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी समर्पण के साथ उत्कृष्ट कार्य करती रहेंगी।
इस अवसर पर राज्य शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुराम मालवीय , सहायक जिला परियोजना समन्वयक खेमराज सेन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी खरगोन एम.डी. महाजन सहित अनेक स्नेहीजन उपस्थित रहे। खंडवा वनवासी सृजन पीठ के कला प्रेरक नाट्यकर्मी शरद जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
श्रीमती अनुपमा जैन को प्राप्त इस सम्मान से उनके परिवार, सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्र के शिक्षक समुदाय में हर्ष है। यह सम्मान उनके 27 वर्षों के समर्पित सेवाकाल, नवाचार एवं शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।