

जावरा (अभय सुराणा) । पूज्य उपाध्याय गौतम मुनि की प्रेरणा से पूज्य उपाध्याय गुरु कस्तूर मुनि पावन धाम में प्रति रविवार आयोजित सामायिक आराधना के क्रम में इस रविवार 108 श्रद्धालुओं ने सामायिक कर धर्मलाभ लिया। इस दौरान नवकार जाप, भक्ताम्बर स्तोत्र, कस्तूर मुनि जाप एवं दिवाकर जाप चालीसा का श्रद्धापूर्वक सामूहिक पाठ किया गया नवकारसी का लाभ स्वर्गीय हीरालाल जी मगनबाई जी रांका की पावन पुण्य स्मृति में प्रकाशचंद्र, सुभाष चंद्र, अशोक कुमार, अनिल कुमार रांका परिवार द्वारा आयोजित की गई सामायिक आराधना के अवसर पर दिवंगत श्रावक दिवाकर भक्त श्री फतेहलालजी चोरड़िया को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धालुओं ने उनके धार्मिक एवं गुरु दिवाकर के प्रति समर्पण एवं सरल जीवन का स्मरण करते हुए दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धाभाव व्यक्त किया उपस्थितजनों ने कहा कि धर्म के प्रति उनकी आस्था, विनम्रता और सद्भावना सदैव स्मरणीय रहेगी तथा उनके द्वारा छोड़े गए संस्कार समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं सद्गति के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
गुरु दर्शन हेतु तीन दिवसीय यात्रा की तैयारी
कार्यक्रम के दौरान तीन दिवसीय गुरु दर्शन यात्रा के आयोजन की प्रस्तावना भी रखी गई। यात्रा के दौरान प्रमुख रूप से भीलवाड़ा में युवाचार्य महेंद्र ऋषिजी महारा सा , नाथद्वारा में पूज्य उपाध्याय प्रवर गौतम मुनिजी महाराज सा , पूज्य शांताकुंवरजी महाराज सा एवं निंबाहेड़ा में आयंबिल आराधिका पूज्य अरुणप्रभा जी महारा सा और चित्तौड़गढ़ में महासती प्रतिभा जी के दर्शन-वंदन का लाभ प्राप्त होगा। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में सहभागी बनकर गुरु दर्शन एवं धर्म आराधना का लाभ लेने की अपील की गई। गुरु कस्तुर पावन धाम के अध्यक्ष श्री राकेश मेहता, महामंत्री श्री सुजानमल कोच्चटा एवं कोषाध्यक्ष श्री पारसमल गादीया ने समाजजनों से सामायिक आराधना तथा गुरु दर्शन यात्रा से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन सुभाष टुकड़िया ने किया। उक्त जानकारी प्रकल्प संयोजक सुभाष टुकड़िया, नितिन कोलन एवं राकेश कोच्चटा ने दी।