नागदा, खाचरोद, देवास, उज्जैन एवं विक्रम नगर रेलवे स्टेशनों के पे एंड यूज शौचालयों का संचालन सुलभ इंटरनेशनल को सौंपा गया

रतलाम, 21 सितंबर। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार के रतलाम मंडल के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की अनुपालना में यात्रियों को बेहतर, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के वाणिज्य विभाग की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, श्रीमती हिना वी. केवलरामानी एवं मानद नियंत्रण अधिकारी श्री रनजीत कुमार सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन, स्टेट ब्रांच मध्य प्रदेश, भोपाल के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
एमओयू के अंतर्गत रतलाम मंडल के नागदा, खाचरोद, देवास, उज्जैन एवं विक्रम नगर रेलवे स्टेशनों पर स्थित पे एंड यूज शौचालयों के संचालन की जिम्मेदारी सुलभ इंटरनेशनल को सौंपी गई है। इससे इन पाँचों स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं बेहतर शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पे एंड यूज शौचालयों के नियमित संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी विशेषज्ञ संस्था को सौंपे जाने से यात्रियों को इन सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार के दौरान ठहरने वाले यात्रियों तथा लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए स्वच्छ एवं सुविधाजनक शौचालय सुविधा उपलब्ध होना यात्री सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
इस पहल से शौचालयों की स्वच्छता एवं रखरखाव व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ-साथ स्टेशन परिसरों में स्वच्छता के स्तर को और बेहतर बनाने में भी सहायता मिलेगी। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता एवं बेहतर यात्री अनुभव को प्राथमिकता देते हुए स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाया जा रहा है।