नीलगाय की मृत्यु के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

रतलाम 24 सितंबर । वनमंडलाधिकारी वन मंडल रतलाम ने बताया कि 20 सितंबर 2026 को समय लगभग 1:50 बजे वनमंडलाधिकारी डॉ अनुभा त्रिवेदी को वन्यजीव नीलगाय की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके उपरांत त्वरीत कार्यवाही करते हुए प्रभारी वनपरिक्षेत्राधिकारी रतलाम को निर्देशित कर दल का गठन किया गया।
गठित दल द्वारा वनमण्डल रतलाम अंतर्गत वनपरिक्षेत्र रतलाम में कक्ष क्रमांक पी-2 बीट एवरिया के समीप राजस्व क्षेत्र अंतर्गत उक्त घटना का होना पाया गया। जिस पर एनटीसीए नई दिल्ली एवं कार्यालय मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश, भोपाल से जारी दिशा-निर्देश अनुरूप SOP अनुसार त्वरित कार्यवाही की गई।
मौके पर 50 मीटर क्षेत्र की घेराबंदी कर डॉग स्‍क्‍वाड की सहायता से प्रथम घटना स्थल पर नीलगाय के बाल, द्वितीय घटना स्थल रामचंद्र पिता अम्बाराम डोडियार के खेत पर मिट्टी में चिपके हुए व पडें हुए नीलगाय के बाल, उखड़ी हुई खुटिया तथा विद्युत तार आदि शिकार की प्रयुक्त सामग्री जप्त की गई।
वन्यजीव चिकित्सक डॉ देवेन्द्र अलावा पशु चिकित्सालय शिवपुर के द्वारा नीलगाय का पोस्टमार्टम किया गया। वन्यजीव नीलगाय को कुत्तों द्वारा खाये जाने के कारण शरीर के पिछले अंग क्षत-विक्षप्त पाये गये। निर्धारित प्रक्रिया अनुसार शवदाह भस्मीकरण की कार्यवाही वनमंडलाधिकारी रतलाम, नायब तहसीलदार तहसील रतलाम, उपसरपंच,पंच व अन्य वन अधिकारी / कर्मचारी की उपस्थिति में की गई।
प्रकरण में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के प्रावधानों के तहत दो आरोपी विजय पिता बंसतीलाल निनामा उम्र 29 वर्ष निवासी खाकरापाड़ा तहसील रतलाम तथा कैलाश पिता धुलजी भवर उम्र 44 वर्ष ग्राम सेवरिया तहसील रतलाम को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में आगामी विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *