


रतलाम। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 26 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता की थीम विकसित भारत @2047 थी। इसके अंतर्गत किसी भी विषय पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए छात्र स्वतंत्र थे। प्रतियोगिता में रतलाम जिले के विभिन्न शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचारों एवं वक्तृत्व प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा के मुख्य आतिथ्य में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाय. के. मिश्रा ने की।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. पद्मजा भाबरा, डॉ. मनोहर जैन तथा पत्रकार सुश्री अदिति मिश्रा उपस्थित रहे। प्रतिभागी विद्यार्थियों ने विषय के विभिन्न सामाजिक, राष्ट्रीय एवं समसामयिक पक्षों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए अपनी वक्तृत्व क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के तर्क, विषय-वस्तु, अभिव्यक्ति, भाषा-शैली एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय की छात्रा फाल्गुनी दुबे द्वितीय स्थान शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा जेनिता अहिर तथा तृतीय स्थान रॉयल कॉलेज की यक्षिता भाटी ने प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों एवं महाविद्यालय परिवार द्वारा शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोफेसर आदर्श भेवंदीया ने किया। अंत में डॉ. अर्चना भट्ट ने उपस्थित अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वक्तृत्व कला, रचनात्मक अभिव्यक्ति, सामाजिक जागरूकता तथा सेवा एवं संकल्प की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल एवं सार्थक बनाया।