- जल ही जीवन है, पेयजल की उपलब्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, पेयजल मौलिक अधिकार है
- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत सैलाना में जनसंवाद, जनसुनवाई एवं उद्यमी संवाद आयोजित



रतलाम । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत शनिवार को मंडी प्रांगण सैलाना में जनसंवाद, जनसुनवाई एवं उद्यमी संवाद आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, जिला अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने आम नागरिकों की समस्याएं मौके पर सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ड्रोन सर्वे के पश्चात नामांतरण नहीं होने, पांच वर्ष बीतने के बाद भी अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिलने, आधार कार्ड में त्रुटि सुधार, मकान का पट्टा, नल-जल योजना, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न समस्याएं नागरिकों द्वारा प्रस्तुत की गईं।
पेयजल संरक्षण के लिए कम पानी वाली फसलें अपनाने की कलेक्टर ने की विनम्र अपील
शिविर में कलेक्टर श्री कटेसरिया ने नागरिकों से विनम्र अपील की कि पेयजल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन को रतलाम शहर, सैलाना नगर परिषद सहित जिले के प्रत्येक गांव में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करनी है। यह कार्य सभी के सहयोग एवं सामुदायिक सहभागिता से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि विशेषकर तालाबों के किनारे स्थित गांवों एवं खेतों में किसान ऐसी फसलें लगाएं, जिन्हें तैयार करने में कम से कम पानी की आवश्यकता हो। जल संरक्षण के लिए यह सामूहिक प्रयास आने वाले समय में सभी के लिए लाभकारी होगा। कलेक्टर ने कहा कि जल ही जीवन है और पेयजल की उपलब्धता प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। पेयजल प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। इसके संरक्षण एवं उपलब्धता के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा तथा आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।
सैलाना में सोनोग्राफी एवं ईसीजी सुविधा प्रारंभ करने के निर्देश
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने सैलाना में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सोनोग्राफी मशीन की व्यवस्था करने तथा रेडियोलॉजिस्ट को पार्ट टाइम रखने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए। साथ ही ईसीजी मशीन प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए नागरिकों से अपील की कि सांप अथवा बिच्छू के काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार करवाएं तथा एंटीवेनम उपलब्ध होने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से एंटीवेनम के उपलब्ध स्टॉक की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सैलाना-बाजना क्षेत्र में प्राथमिकता से राशन वितरण सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि सैलाना एवं बाजना क्षेत्र में राशन वितरण का कार्य प्राथमिकता से प्रारंभ किया जाए तथा वितरण की गति तेज रखी जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान कलेक्टर ने आम नागरिकों के समक्ष जिला आपूर्ति अधिकारी से राशन वितरण समय पर सुनिश्चित करने का आश्वासन भी लिया।
उद्यमी संवाद में युवा उद्यमियों ने साझा किए अनुभव
शिविर में आयोजित उद्यमी संवाद में युवा उद्यमी श्री सौभालाल पाटीदार एवं श्री मदन पाटीदार ने अपने-अपने व्यवसाय एवं कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने नागरिकों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम श्री जायसवाल, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।