- प्रितेश गादिया, चेयरमैन भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा रतलाम
- कन्या महाविद्यालय में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित, 168 छात्राओं एवं 25 प्राध्यापकों की हुई जांच


रतलाम। अजय कटेसरिया, कलेक्टर एवं अध्यक्ष भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा रतलाम के कुशल मार्गदर्शन में मानव सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा रतलाम के सहयोग से महाविद्यालय रेडक्रॉस सोसायटी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित इस शिविर में 168 छात्राओं एवं 25 प्राध्यापकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन प्रितेश गादिया, कोषाध्यक्ष संजय लुनिया, संचालक हेमन्त मूणत, श्रीमती सुलोचना शर्मा एवं अशोक जैन ‘लाला’, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय ओहरी एवं डॉ. स्वलेहा खान सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।
इस अवसर पर प्रितेश गादिया ने कहा कि मानव सेवा रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य है। रेडक्रॉस का प्रयास है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहे। इसी उद्देश्य से समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय ओहरी ने कहा कि छात्राओं में एनीमिया की समस्या देखने को मिलती है। इसलिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना तथा दैनिक खानपान पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
महाविद्यालय की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
शिविर के आयोजन में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मंगलेश्वरी जोशी के मार्गदर्शन में डॉ. माणिक डांगे, डॉ. मधु गुप्ता, प्रभारी रेडक्रॉस युवा इकाई एवं डॉ. स्वर्णलता नागर प्रभारी राष्ट्रीय सेवा योजना, की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महाविद्यालय प्रशासन, राष्ट्रीय सेवा योजना, रेडक्रॉस युवा इकाई एवं स्वयंसेविकाओं के सहयोग से शिविर को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मंगलेश्वरी जोशी ने कहा कि प्रत्येक छात्रा को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के साथ जीवन में सेवा का संकल्प भी लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में सेवा भावना एवं सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
हीमोग्लोबिन, शुगर, बीपी और वजन की जांच
शिविर में स्वास्थ्य टीम द्वारा छात्राओं एवं प्राध्यापकों का हीमोग्लोबिन, मधुमेह, रक्तचाप, वजन सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया तथा जरूरत के अनुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर जिला चिकित्सालय की अलिसा डेन, पुष्पा पांचाल, पुष्पा दडिंग, राकेश बड़बकुल, विनोद गहलोत, दर्पण त्रिवेदी एवं वैभव त्रिवेदी सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ सुनीता श्रीमाल, डॉ मीना सिसोदिया, डॉ संध्या सक्सेना, डॉ सुरेश चौहान, डॉ वी एस बामनिया, डॉ कुलदीप पाटीदार, डॉ रितिका श्रीवास्तव, डॉ वंदना नामदेव,सहित बड़ी संख्या में छात्राएं व स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं। शिविर में कुल 168 छात्राओं एवं 25 प्राध्यापकों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।कार्यक्रम का संचालन डॉ. रोशनी रावत ने किया तथा आभार डॉ. अमृतलाल परमार ने माना। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा रतलाम द्वारा कलेक्टर एवं अध्यक्ष अजय कटेसरिया के कुशल मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।