- विधायक डॉ राजेंद्र पांडे के प्रयास रंग लाए*
- स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा विस्तार, जावरा, रिंगनोद व पिपलौदा के अस्पतालों में हुई नियुक्तियां

जावरा (अभय सुराणा) । जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों को लगातार सफलता मिल रही है। विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न चिकित्सालयों में रिक्त पदों की पूर्ति करते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 12 चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है।
उल्लेखनीय है कि विधायक डॉ. पांडेय द्वारा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मूलभूत अधोसंरचना के कार्यों की स्वीकृति के साथ ही चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे थे। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल से पदपूर्ति को लेकर चर्चा की थी। इन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप जावरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न चिकित्सालयों में चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं।
प्रभारी सुपरवाइजर शैलेंद्र कुमार दवे ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक डॉ. पांडेय के आग्रह पर स्वास्थ्य विभाग भोपाल द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के तहत सिविल हॉस्पिटल जावरा में 5 चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है। इनमें डॉ. श्रेया रातवजिया, डॉ. सृष्टि गर्ग, डॉ. समीक्षा अग्रवाल, डॉ. वरुण साहू एवं डॉ. विजय पाटीदार शामिल हैं।
इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिंगनोद में 3 चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है, जिनमें डॉ. प्रतिभा पाटीदार, डॉ. किशन पाटीदार एवं डॉ. कृष्णा परमार शामिल हैं।वहीं सिविल हॉस्पिटल पिपलौदा में 4 चिकित्सकों की पदस्थापना हुई है। इनमें डॉ. राहुल कुशवाह, डॉ. मनीषा पाटीदार, डॉ. अर्चिषा कांत एवं डॉ. शेजल जाटव शामिल हैं।
क्षेत्र के विभिन्न चिकित्सालयों में चिकित्सकों की पदस्थापना से स्वास्थ्य विभाग में हर्ष का वातावरण है। क्षेत्रवासियों ने चिकित्सकों की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल एवं विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है।