स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत रतलाम मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

इंदौर रेलवे स्टेशन पर लायंस क्लब महानगर, रोटरी क्लब, सारथी शिक्षा रोशन सेवा समिति एवं सत्याे फाउंडेशन जैसे सामाजिक संस्थाओं ने किया सहयोग

रतलाम 30 सितंबर। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर 17 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक मनाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत 30 सितंबर को ‘सफाई मित्र सुरक्षा, सेवा एवं सम्मान’ शिविर का आयोजन किया गया। स्वच्छता कार्य से जुड़े कर्मचारियों एवं ठेका कर्मचारियों के स्वास्थ्य की देखभाल तथा उन्हें स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं स्वास्थ्य इकाइयों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, नीमच, चित्तौड़गढ़, दाहोद सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविरों में सफाईकर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
इंदौर रेलवे स्टेशन पर लायंस क्लब महानगर, रोटरी क्लब इंदौर एवं सारथी शिक्षा रोशन सेवा समिति एवं सत्यार फाउंडेशन के सहयोग से व्यापक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 7 चिकित्सक एवं 10 नर्सिंग स्टाफ सहित कुल 17 स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान 115 से अधिक सफाईकर्मियों एवं अन्य रेल कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार संबंधित रोगों की दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में नेत्र रोग, अस्थि रोग एवं सामान्य चिकित्सा के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। आवश्यकता वाले कर्मचारियों को आगे के उपचार के लिए निःशुल्क रेफरल एवं उपचार हेतु पंजीकृत किया गया। शिविर के सफल आयोजन में सहयोगी सामाजिक संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रतलाम स्थित स्वास्थ्य निरीक्षक कार्यालय में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में 16 ठेका कर्मचारियों, जिनमें 8 महिला एवं 8 पुरुष कर्मचारी शामिल थे, का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों द्वारा कर्मचारियों को स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई तथा सभी कर्मचारियों को प्रोटेक्टिव गियर उपलब्ध कराए गए।
इसी क्रम में दाहोद हेल्थ यूनिट में ठेकेदार के 3 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें भी प्रोटेक्टिव गियर उपलब्ध कराए गए।
चित्तौड़गढ़ हेल्थ यूनिट में सफाईकर्मी स्टाफ एवं रेलवे स्टेशन पर कार्यरत ठेका कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को शारीरिक स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में आवश्यक स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई।
रतलाम मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इन स्वास्थ्य जांच शिविरों का उद्देश्य स्वच्छता कार्य में संलग्न कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सुरक्षित कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *