माधवानन्द एकेडमी में युवतियों को सुरक्षा, आत्मसम्मान, अधिकारों एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जाएगा जागरूक

जावरा (राजकुमार हरण) । अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, जिला रतलाम–जावरा एवं माधवानन्द एकेडमी द्वारा महिला सुरक्षा एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार, 10 अक्टूबर को प्रातः 11:30 बजे माधवानन्द एकेडमी, स्वामीजी की कुटिया, दादावाड़ी रोड, जावरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवतियों को महिला सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मसम्मान, अधिकारों तथा सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना और उन्हें जीवन की विभिन्न परिस्थितियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय जैन दिवाकर विचार मंच के राष्ट्रीय वरिष्ठ मार्गदर्शक श्री अभय सुराणा उपस्थित रहेंगे। वहीं, कवि, लेखक एवं विचारक श्री राजेंद्र श्रोत्रिय मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के रतलाम जिला अध्यक्ष श्री राजकुमार हरण करेंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवतियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, आत्मसम्मान एवं आत्मविश्वास बनाए रखने, मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता प्राप्त करने के प्रति प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, महिला सुरक्षा को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और जागरूकता का वातावरण निर्मित करने पर भी जोर दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन द्वारा समाज में मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण से जुड़े विषयों को प्रमुखता से सामने लाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी प्रतीक लोढ़ा द्वारा दी गई।