
भोपाल । जैन अल्पसंख्यक विकास आर्थिक महामंडल, महाराष्ट्र के चेयरमैन एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त श्री ललित गांधी ने अपने भोपाल प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश शासन के एमएसएमई मंत्री एवं जैन समाज के गौरव श्री चेतन्य काश्यप से सौजन्य भेंट की। इस दौरान जैन समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
श्री गांधी के साथ आए प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे अखिल भारतीय जैन अल्पसंख्यक महासंघ के राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री श्री सौरभ भंडारी ने श्री चेतन्य काश्यप का अभिनंदन करते हुए मध्यप्रदेश सरकार द्वारा जैन आयोग के गठन की पूर्व में की गई घोषणा की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया तथा आयोग के गठन की प्रक्रिया को शीघ्र अमल में लाने का निवेदन किया।
श्री भंडारी ने इस अवसर पर महाराष्ट्र में गठित जैन अल्पसंख्यक विकास आर्थिक महामंडल की जानकारी भी श्री कश्यप को दी। उन्होंने निवेदन किया कि महाराष्ट्र की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी जैन अल्पसंख्यक विकास आर्थिक महामंडल/कॉर्पोरेशन का गठन किया जाए, जिससे समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के लोगों को शासन की योजनाओं, आर्थिक सहायता एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ मिल सके।
श्री ललित गांधी ने श्री चेतन्य काश्यप का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए समाज एवं प्रदेश के विकास के लिए उनके प्रयासों की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि समाज से राजनीति में आकर जनसेवा एवं समग्र मानव कल्याण के लिए कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों से भगवान महावीर की करुणा, अहिंसा और सेवा की भावना जीवंत होती है।
इस अवसर पर श्री गांधी ने जैन समाज के हितों से जुड़े विषयों पर मध्यप्रदेश में सकारात्मक पहल की अपेक्षा व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल की ओर से जैन आयोग के गठन एवं जैन अल्पसंख्यक विकास आर्थिक महामंडल की स्थापना को लेकर निवेदन एवं ज्ञापन भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय जैन अल्पसंख्यक महासंघ के राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री श्री सौरभ भंडारी, संदीप जैन (मंदसौर), दिनेश तातेड़ (भोपाल), प्रदीप छाजेड़ (भोपाल) एवं मनोज जैन सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।