


रतलाम, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में एकता शपथ समारोह एवं ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान एवं देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात उन्होंने ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सभी शाखाधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल के जवान, रेलवे खिलाड़ी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक एकता दौड़ में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं आपसी सद्भाव का संदेश दिया। इस आयोजन के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों में राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पण एवं सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।