चिंतामन गणेश मंदिर में सजेगा छप्पन भोग का भव्य दरबार, 15 नवंबर को होगा अन्नकूट महोत्सव

स्वर्णिम भारत मंच एवं पुजारी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में लगातार दूसरे वर्ष होगा आयोजन, श्रद्धालुओं को मिलेगी महाप्रसादी

उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन के प्रसिद्ध एवं प्राचीन श्री चिंतामन गणेश मंदिर में 15 नवंबर 2026, रविवार को भव्य अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रातः 11 बजे विघ्नहर्ता भगवान श्री चिंतामन गणेश को 56 प्रकार के पकवानों का भव्य भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी एवं भंडारे का आयोजन होगा।
स्वर्णिम भारत मंच के अध्यक्ष दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि भगवान श्री चिंतामन गणेश सुख-समृद्धि एवं मंगल के दाता हैं। सनातन परंपरा में प्रत्येक शुभ कार्य का प्रारंभ प्रथम पूज्य भगवान गणेश की आराधना से होता है। इसी धार्मिक आस्था एवं सेवा भावना को केंद्र में रखते हुए स्वर्णिम भारत मंच द्वारा मंदिर के पुजारी परिवार एवं प्रबंध समिति के समन्वय से लगातार दूसरे वर्ष इस भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
मंदिर पुजारियों के अनुसार दीपावली से पूर्णिमा के मध्य मंदिरों में नई फसल एवं मौसमी सब्जियों से अन्नकूट भोग लगाने की प्राचीन धार्मिक परंपरा रही है। चिंतामन गणेश मंदिर में भी यह परंपरा पूर्व में निरंतर चलती थी, लेकिन कुछ समय के अंतराल के बाद अब इसे पुनः भव्य स्वरूप प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ी रहें।

दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि स्वर्णिम भारत मंच द्वारा संचालित निःशुल्क अन्न सेवा प्रकल्प के सात वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह महोत्सव सेवा, समर्पण, परोपकार एवं सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। मंच का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग और मानव सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।
महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। भगवान का आकर्षक श्रृंगार, छप्पन भोग की सजावट एवं श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
स्वर्णिम भारत मंच, चिंतामन गणेश मंदिर के पुजारी परिवार एवं समस्त भक्त परिवार ने धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर भगवान श्री चिंतामन गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा महाप्रसादी ग्रहण करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *