कलेक्टर श्री कटेसरिया के निर्देश पर प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग ने की संयुक्त कार्रवाई


रतलाम । कुंडाल–कोटेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद सिंचाई के लिए मोटर-पंप का उपयोग किए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 12 मोटर-पंप जब्त किए हैं। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देश पर जल संरक्षण एवं उपलब्ध जल के उचित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और जल संसाधन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
तहसीलदार रतलाम ग्रामीण श्री मनीष जैन ने बताया कि बांध में कम जल उपलब्धता को दृष्टिगत रखते हुए सिंचाई प्रतिबंध लागू किया गया है। प्रतिबंध के बावजूद डूब क्षेत्र में सिंचाई के लिए मोटर एवं पंप का उपयोग किए जाने की जानकारी मिलने पर संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कुल 12 मोटर-पंप जब्त किए गए, जिनमें 7 सबमर्सिबल पंप तथा 5 ओपनवेल पंप शामिल हैं। जब्त सामग्री के संबंध में मौके पर पंचनामा तैयार कर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई तहसीलदार श्री मनीष जैन, रतलाम ग्रामीण, मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के कर्मचारियों तथा जल संसाधन विभाग के उपयंत्री की संयुक्त टीम द्वारा की गई।