- बड़ावदा जन विश्वास शिविर में कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
- उद्यमी एवं किसानों ने साझा किए अनुभव, योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ने का किया आह्वान




रतलाम 27 नवंबर । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत बड़ावदा के तेजाजी मंदिर परिसर में आयोजित जन विश्वास शिविर में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं जिला अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगर परिषद बड़ावदा को लीकेज पाइपलाइन तत्काल ठीक करने तथा पेयजल व्यवस्था में किसी प्रकार की समस्या नहीं रहने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को अवैध कॉलोनियों के संबंध में जांच रिपोर्ट तत्काल भेजने को कहा।
शिविर में उद्यमी संवाद के दौरान स्थानीय उद्यमियों एवं किसानों ने अपने अनुभव साझा किए तथा विभिन्न योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी दी। युवा उद्यमी श्री विनय जोशी ने उद्यम क्रांति योजना का लाभ लेकर टीवीएस व्यवसाय संचालित करने की जानकारी देते हुए युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया। श्री अमृतलाल पाटीदार ने प्लाई फैक्टरी संचालन, उद्योग विभाग से मिले सहयोग तथा दो बार वित्तीय सहायता प्राप्त होने की जानकारी दी। उन्होंने बिजली की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने मौके पर ही समाधान करवाया। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने से बिजली संबंधी समस्या में राहत मिली है।
जैविक खेती कर रहे श्री सुनील शर्मा ने बताया कि वे पिछले सात वर्षों से जैविक खेती कर रहे हैं। इस दौरान उद्यानिकी, कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र से प्रशिक्षण और सहयोग मिला है। उन्होंने युवाओं को कृषि क्षेत्र में आगे आने तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। मधुमक्खी पालन के अनुभव भी साझा किए। एफपीओ से संबंधित समस्या तथा सीए के संबंध में शिकायत भी प्रस्तुत की गई, जिस पर कलेक्टर ने गंभीरता से संज्ञान लिया।
आधुनिक खेती कर रहे श्री बलराम मेहता ने एक हेक्टेयर में अमरूद की खेती तथा जयपुर और बड़ोदरा तक फल भेजने की जानकारी दी। उन्होंने खेती के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के अनुभव भी साझा किए। श्री ईश्वरलाल पाटीदार ने 10 बीघा में अमरूद का बगीचा विकसित करने एवं जैविक खेती के अनुभव बताते हुए पशुपालन, जैविक खाद तथा ड्रिप सिंचाई अपनाने पर जोर दिया।
नागरिकों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
शिविर में नागरिकों ने सेजावता-भूतेड़ा मार्ग की खराब स्थिति, अस्पताल, एंबुलेंस सेवा, बड़ावदा को पूर्ण तहसील का दर्जा देने सहित विभिन्न समस्याएं प्रस्तुत कीं। पीडब्लयूडी विभाग के अधिकारी ने सजावता-भूतेड़ा मार्ग के संबंध में बताया कि सड़क बजट में शामिल हो गई है। उन्होंने संबंधित कार्य का फॉलोअप करने और निर्माण जल्द सुनिश्चित करने के प्रयास करने की बात कही।
अन्नपूर्णा मंदिर की 28 बीघा भूमि के मामले में तत्काल जांच करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने एसडीएम को तालाब एवं डेम से सिंचाई के लिए पानी लेने पर रोक सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले में जल उपलब्धता कम है, ऐसे में पेयजल के लिए पानी का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
अस्पताल संबंधी शिकायत पर कलेक्टर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज खुलने से जिले में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ी है। बड़ावदा शहर में स्थित अस्पताल भवन में टीकाकरण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए। एंबुलेंस संबंधी समस्या के समाधान के लिए व्यवस्थित प्रणाली विकसित करने की बात कही। बड़ावदा को टप्पा तहसील से पूर्ण तहसील का दर्जा दिलाने की मांग पर कलेक्टर ने विशेष प्रयास करने का आश्वासन दिया।
शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई शंभूलाल चंद्रवंशी, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम श्री विवेक सोनकर, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कल्पना कुमावत सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।