रतलाम । मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आगामी एक दिसम्बर को प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किए जाने की मांग को लेकर जिले के पत्रकारों द्वारा रतलाम जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन आयोजित कर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधीश को ज्ञापन दिया जाएगा ।
विगत 28 अक्टूबर को संघ की दतिया में आयोजित प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार प्रदेश अध्यक्ष शलभ जी भदौरिया के आव्हान पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर पत्रकारों द्वारा धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौपा जाएगा इसी तारतम्य में मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की रतलाम जिला इकाई द्वारा भी प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किए जाने की मांग को लेकर पुराना कलेक्ट्रेट स्थित गुलाब चक्कर के सामने प्रातः 11 से शाम 4 बजे तक धरना प्रदर्शन किया जाएगा । तत्पश्चात शाम चार बजे मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया जाएगा ।
उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पूर्व संघ के मुरैना अधिवेशन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हजारों पत्रकारों की उपस्थिति में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की संघ की प्रमुख माँग पर पत्रकारों से वादा किया था कि वे जल्द ही इस दिशा में उचित निर्णय लेते हुए राज्य शासन के अधिकारियों की बैठक बुलायेंगे ! लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी इस मामले में राज्य शासन ने एक भी कदम आगे नहीं बढ़ाया । संघ द्वारा समय समय पर ज्ञापनों एवं प्रदर्शनी द्वारा मुख्यमंत्री को अपना वादा पूरा करने का स्मरण दिलाया गया लेकिन पत्रकारों की कोई सुनवाई नहीं हुई । इससे यह साबित होता है कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के प्रति गंभीर नहीं है । राज्य सरकार की पत्रकारों के प्रति बेरुखी को देखते हुए मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने एक दिसंबर से चरणबद्ध आंदोलन किए जाने का निर्णय लिया गया है ।
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांतीय अध्यक्ष शलभ भदौरिया , प्रदेश संयुक्त सचिव भेरूलाल टांक, रतलाम संभाग अध्यक्ष राजेश जैन, संभाग उपाध्यक्ष गोविंद उपाध्याय, रतलाम जिला अध्यक्ष विजय मीणा, जिला उपाध्यक्षगण आरिफ कुरैशी, राकेश पोरवाल , मनोज भंडारी ( सैलाना ), श्रीनाथ योगी ( नामली ) जिला महासचिव दिनेश दवे, जावरा ब्लॉक अध्यक्ष विजय राठौर, पिपलोदा ब्लॉक अध्यक्ष प्रफुल जैन , सैलाना ब्लॉक अध्यक्ष महेश सोलंकी , आलोट ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गा शर्मा, नामली ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप कर्णधार, रतलाम के वरिष्ठ पत्रकार ऋषिकुमार शर्मा, सौरभ कोठारी, सुजीत उपाध्याय, किशोर जोशी, जावरा के सुजानमल कोचट्टा , पारस छाजेड, जगदीश राठौर, संजय चौधरी, बाजना के सतीश नाहर, जे.पी.कटारिया, शुभम पालरेचा, सैलाना के वरिष्ठ पत्रकार विमल मांडोत, संजय शर्मा, आलोट के पत्रकार राकेश चौहान, पिपलोदा के पत्रकार जितेंद्र बावेल, अभिषेक जैन आदि ने जिले के पत्रकारो से बड़ी संख्या में एक दिसंबर को होने वाले धरना प्रदर्शन में उपस्थित होने की अपील की है ।