मंडी प्रशासन की उदासीनता से उजड़ रहा उद्यान,पौधों की देखरेख के अभाव एवं काटे जाने पर पूर्व मंडी बोर्ड डायरेक्टर सुरेन्द्र सिंह भाटी ने जताई नाराजगी

5 जून विश्व पर्यावरण दिवस

वर्तमान स्थिति

रतलाम। पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदेश सरकार के अभियान ‘एक पौधा मां के नाम’ के तहत विगत वर्ष 2025 में पौधारोपण करने के बाद लगातार उनकी देखरेख की, तथा विश्वपर्यावरण दिवस 5 जून 2026 को मंडी समिति परिसर में पौधरोपण किया गया था।
मंडी कार्यालय के समीप उद्यान मे स्व. माधवराव सिंधिया जी की प्रतिमा के आसपास विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उन्हें विकसित करने का संकल्प लिया गया था, लेकिन मंडी प्रशासन द्वारा उचित देखरेख नहीं किए जाने के कारण आज पूरा उद्यान उजड़ने की स्थिति में पहुंच गया है।
मंडी बोर्ड के पूर्व डायरेक्टर सुरेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर मंडी सचिव श्री नरगावे एवं मंडी स्टाफ के साथ उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया गया था। इन पौधों को हरा-भरा रखने के लिए उन्होंने स्वयं भी काफी मेहनत की तथा समय-समय पर पानी और खाद देकर पौधों को विकसित करने का प्रयास किया। लेकिन इन पौधों को लापरवाही पूर्वक काटा गया जो गलत हैं,,नियमित देखरेख के अभाव में पूरा बगीचा उजड़ गया।
भाटी ने कहा कि यह स्थिति मंडी प्रशासन की उदासीनता को दर्शाती है। पौधरोपण करना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक जरूरी लगाए गए पौधों का संरक्षण और उनकी देखभाल करना है। उन्होंने बताया कि जिन पौधों को बिना वजह काटा गया है तथा जो पौधे अभी बचाए जा सकते हैं, उन्हें पुनः जीवित करने और उद्यान को हरा-भरा बनाने के लिए वे फिर से प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने मंडी प्रशासन से आग्रह किया कि यदि लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख संभव नहीं है तो कम से कम उन्हें उजाड़ने का कार्य नहीं किया जाना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण के नाम पर किए गए पौधरोपण को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *