उज्जैन | मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.महावीर खंडेलवाल ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों हेतु आयोजित होने वाले कैम्प की श्रृंखला में सोमवार 14 जून को भारत सरकार के दिशा-निर्देश अनुसार टीबी एचआईव्ही एवं डायबिटीज स्क्रीनिंग का द्वितीय कैम्प प्लेटफार्म नंबर-1 पर आयोजित किया गया। इसमें क्षय रोग के संभावित लक्षणों वाले मरीज एवं पोस्ट कोविड मरीजों में क्षय रोग की स्क्रीनिंग की गई। पूर्व में 7 जून को भी कैम्प का आयोजन किया गया था। दोनों कैम्पों में कर्मचारी एवं उनके परिजनों सहित लगभग 113 लोग उपस्थित हुए, जिनकी टीबी स्क्रीनिंग, एचआईव्ही एवं डायबिटीज की जांच की गई। इसमें शुगर के 8 नये रोगी पाये गये। कैम्प में उपस्थित सभी मरीजों को भारत सरकार द्वारा दी जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
सीएमएचओ डॉ.खंडेलवाल के मार्गदर्शन में जिला क्षय अधिकारी डॉ.सुनीता परमार, एडीएमओ रेलवे डॉ.निमिषा जोशी, डॉ.उमेश राय चिकित्सा अधिकारी जीडी रेलवे, सत्यप्रकाश चीफ फार्मासिस्ट, सुनील कुमार जाधव, जिला क्षय केन्द्र के मेडिकल आफिसर डॉ.रेणुका डामोर, सुपरवाईजर मनीष दीक्षित, जय खटोड, पिंकी मोर्य एवं टीबीएचव्ही योगेन्द्र परमार द्वारा परीक्षण किया गया। कैम्प की अगली श्रृंखला में श्रम विभाग एवं उद्योग विभाग के कर्मचारी एवं उनके परिजनों एवं फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों के लिये भी कैम्प का आयोजन किया जायेगा।