कलेक्टर श्री पुरुषोत्तम ऑडिटोरियम निर्माण की खराब गुणवत्ता पर इंजीनियर से बोले

रतलाम । कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम 27 जनवरी को जिले के सैलाना पहुंचे, वहां एकलव्य आवासीय परिसर स्कूल परिसर में 1 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किए जा रहे ऑडिटोरियम निर्माण का निरीक्षण किया, घटिया निर्माण पर सख्त नाराज हुए।
कलेक्टर ने तत्काल उज्जैन पदस्थ इंजीनियर श्री चौधरी को कॉल की और बोले कि इतना घटिया निर्माण कर रहे हो, शासन के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। यदि क्वालिटी ऐसी ही बनी रही तो निलंबित हो जाओगे। कलेक्टर ने इंजीनियर को तत्काल रतलाम आने और गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान सैलाना एसडीएम श्रीमती कामिनी ठाकुर तथा विद्यालय प्राचार्य श्री लखनलाल शास्त्री भी मौजूद थे। ऑडिटोरियम निर्माण आगामी 3 माह में पूर्ण होगा।
हॉस्टल का निरीक्षण
कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने एकलव्य आवासीय विद्यालय परिसर स्थित हॉस्टल का निरीक्षण भी किया। हॉस्टल में मरम्मत की आवश्यकता के दृष्टिगत प्राचार्य श्री लखनलाल शास्त्री को निर्देशित किया कि मरम्मत, उन्नयन संबंधित संपूर्ण प्रस्ताव तैयार करके जिला स्तर पर प्रेषित करें, इसके बाद कार्य करवाया जाएगा।