अधिमान्य शब्द का दुरूपयोग करने वाले पत्रकार संगठनों पर कार्रवाई हो-श्री जोशी

रतलाम। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ जिला रतलाम के सदस्यों के कार्ड वितरण समारोह का आज शुभारंभ करते हुए प्रदेश के वरिष्ठ मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष शरद जोशी ने कहा कि यह संगठन ही प्रदेश का एक मात्र ऐसा पत्रकार संगठन है जो प्रदेश के तमाम पत्रकारों का प्रतिनिधित्व करते हुए उनकी समस्याओं के लिए सतत संघर्षशील है। अनेक मांगें सरकार ने मानी है, जो मांगे विचाराधीन है उन पर भी सरकार ने शीघ्र ही स्वीकृति का आश्वासन दिया है।
श्री जोशी ने कहा कि इसके साथ ही अब जिले में विकासखंड तहसील स्तर पर सदस्यों को कार्ड वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से पत्रकार संगठन बन रहे है, लेकिन उनकी विश्वनीयता कितनी है यह पत्रकार साथी भलीभाति जानते है। पत्रकारों को चाहिए कि वह ऐसे संगठन से जुड़े जो उनके हितों की चिंता करते हुए समाज और शासन के बीच रचनात्मक भूमिका अदा कर सके।
उन्होंने यह भी कहा कि कई पत्रकार संगठन बने है जो अपने सदस्यता कार्ड पर अधिमान्य शब्द का उपयोग कर रहे है, जबकि नियम से अधिमान्यता राज्य सरकार द्वारा दी जाती है ना कि पत्रकार संगठनों द्वारा। सरकार को चाहिए कि वह ऐसे संगठन पर कार्रवाई करें जो अधिमान्यता के नाम पर पत्रकारों को भ्रमित कर रहे है। साथ ही पत्रकार संगठनों की सदस्यता की भी वैरिफिकेशन की जाना चाहिए ताकि पत्रकारिता के नाम पर बेजा लाभ उठा रहे पत्रकारों और संगठनों पर नियंत्रण किया जा सके।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष ऋषिकुमार शर्मा, संभागीय उपाध्यक्ष राजेश जैन, जिलाध्यक्ष विमल मांडोत,वरिष्ठ पत्रकार गोविन्द उपाध्याय ने भी अपनी बात रखी और श्रमजीवी पत्रकारों को एकजुटता बनाए रखने का आव्हान किया, ताकि पत्रकारिता के नाम पर भयादोहन करने वाले पत्रकारों को प्रोत्साहन न मिले। अंत में जिला महासचिव दिनेश दवे ने आभार माना। यह कार्यक्रम होटल गोल्डन टावर सभागृह में आयोजित हुआ।