रतलाम शहर के विकास को मिलेंगे नए आयाम

साधिकार समिति ने दी गोल्ड कॉम्प्लेक्स सहित 300 बेड नवीन जिला चिकित्सालय भवन तथा ऑडिटोरियम निर्माण की मंजूरी

रतलाम। रतलाम शहर के विकास की कड़ी में विधायक श्री चेतन्य काश्यप के लगातार प्रयासों से गोल्ड कॉम्प्लेक्स रिडेंसीफिकेशन योजना के तहत मंजूर हुए कार्यों से नए आयाम जुड़ेंगे। बुधवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित साधिकार समिति की बैठक में गोल्ड कॉम्प्लेक्स सहित 300 बेड के नवीन जिला चिकित्सालय भवन तथा ऑडिटोरियम निर्माण की मंजूरी दी गई। इसके साथ ही अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए नई ऑफीसर्स कॉलोनी का निर्माण भी मंजूर किया गया।
प्रदेश के मुख्य सचिव श्री इकबालसिंह बेस के अध्यक्षता में आयोजित राज्य साधिकार समिति की बैठक से कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम, हाउसिंग बोर्ड के उपायुक्त उज्जैन श्री प्रबोध पराते, कार्यपालन यंत्री श्री बी. राजकुमार तथा सहायक यंत्री श्री वी.एस. सिसौदिया भी रतलाम एनआईसी कक्ष के माध्यम से जुड़े थे। कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा शहर की महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए सशक्त प्रेजेंटेशन दिया गया, जिसके फलस्वरूप शहर की महत्वकांक्षी योजनाओं को मंजूरी मिली है। अब टेंडर जारी किए जाएंगे। मानिटरिंग एजेंसी हाउसिंग बोर्ड रहेगी।
साधिकार समिति की बैठक में गोल्ड कॉम्प्लेक्स के लिए हाऊसिंग बोर्ड को मॉनिटरिंग एजेंसी के रूप में अनुमोदित किया गया। गोल्ड कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए नगर निगम के सामने 2.2 हेक्टर भूमि दी जाएगी। इससे प्राप्त होने वाली राशि से गोल्ड कॉम्प्लेक्स के साथ 14 करोड़ रुपए लागत के ऑडिटोरियम निर्माण, 50 करोड़ रुपए लागत के 300 बेड का नवीन जिला चिकित्सालय भवन निर्माण किया जाएगा। साधिकार समिति ने इसके साथ ही शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए 47 आवास गृह तथा कम्युनिटी सेंटर निर्माण की भी मंजूरी दी है। आवासों के निर्माण पर 8 करोड़ 82 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। ऑफिसर कॉलोनी निर्माण के साथ-साथ उसके विकास पर भी 1 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

Play sound