उचित मूल्य दुकानों से चना बंटेगा, पात्र परिवारों को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर एक किलोग्राम मिलेगा

रतलाम । प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत जिले की 523 शासकीय उचित मूल्य दुकानों द्वारा चना वितरण किया जाएगा। जिले में 1400 क्विंटल चने का स्टॉक है जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को प्रथम आओ प्रथम पाओ के आधार पर प्रति परिवार एक किलोग्राम प्रदान किया जाएगा। चने का वितरण नि:शुल्क होगा।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एस.एच. चौधरी ने बताया कि हितग्राहियों का डाटा पोर्टल पर उपलब्ध ना होने के कारण हितग्राहियों को चने का वितरण पंजी के माध्यम से किया जाएगा। वितरण पंजी में हितग्राही का नाम, मोबाइल नंबर, समग्र आईडी, प्राप्तकर्ता का नाम तथा हस्ताक्षर आवश्यक रूप से कराए जाएंगे। वितरण के पूर्व उचित मूल्य दुकानों एवं प्रदाय केंद्र पर उपलब्ध चने का भौतिक सत्यापन सतर्कता समिति से कराया जाएगा। चने का वितरण निगरानी समिति के सदस्यों की उपस्थिति में अनिवार्यता कराया जाकर प्रमाण पत्र दिया जाएगा। वास्तविक हितग्राहियों को चने के वितरण का पूर्ण दायित्व सहायक या कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी का होगा। जिले में पात्र परिवारों की संख्या 2 लाख 28 हजार है।

Play sound