रतलाम । कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम के निर्देशन में रतलाम शहर के पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए वृहद स्तर पर पहल की जा रही है। इस कड़ी में 5 तथा 6 मार्च को रतलाम शहर में कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। कैंप आयोजन अंबेडकर भवन पोलोग्राउंड के पास सदा कम्युनिटी हॉल अलकापुरी पर आयोजित होंगे।
यह कैंप मेगा स्तर पर होंगे जिनमें सूची में पात्र व्यक्ति उपस्थित होकर अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इस संबंध में एसडीएम श्री राजेश शुक्ला द्वारा एक बैठक भी आयोजित की गई। शुक्रवार को आयोजित उक्त बैठक में डोर-टू-डोर सर्वे के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान निगम आयुक्त श्री सोमनाथ झारिया, उपायुक्त श्री विकास सोलंकी भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत निरामयम योजना अंतर्गत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रूपए तक का नि:शुल्क उपचार प्रदान किया जाता है। इसके लिए नगर निगम कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बीएलओ का दल गठित किया गया है।